काशी में ठंड होने लगी अपार, रैन बसेरा भी बनकर तैयार, यात्रियों को मिलेगी निशुल्क सुविधा
वाराणसी नगर निगम ने शीतकाल के लिए रैन बसेरों की तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर शिविर लगाया जा रहा है। यह यात्रियों और बेसहारा लोगों को निशुल्क बिस्तर, कंबल और सुरक्षा प्रदान करेगा, जिसका उद्घाटन महापौर करेंगे।

काशी में ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरा तैयार यात्रियों को मिलेगी निशुल्क सुविधा।
HighLights
नगर निगम ने शीतकाल के लिए रैन बसेरा तैयारियां तेज की।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर निशुल्क शिविर लगाया जा रहा है।
यात्रियों को बिस्तर, कंबल, सुरक्षा और अलाव की सुविधा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शीतकाल शुरू होने से पहले नगर निगम ने काशी आने वाले यात्रियों और बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरे की तैयारियां तेज कर दी हैं। डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट स्थित चितरंजन पार्क में हर साल की तरह इस बार भी शीतकालीन शिविर लगाया जा रहा है।
बताया गया कि यह करीब दो से तीन महीने तक चलेगा, भाजपा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष सोमनाथ यादव ने बताया कि महापौर अशोक तिवारी की पहल पर यह शिविर लगाया जाता है, यहां रात में ठहरने वाले यात्रियों के लिए बेड, कंबल और ठंड बढ़ने पर अलाव की व्यवस्था की जाती है।
घाट पर भी अस्थायी व्यवस्था बनाई जा रही है, ताकि रात में आने वाले यात्री एक-दो घंटे के लिए भी आराम कर सकें, उन्होंने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 10 से 15 दिन के भीतर शिविर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिसका उद्घाटन महापौर द्वारा किया जाएगा।
सुरक्षा को लेकर सोमनाथ यादव ने बताया कि घाट पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और नगर निगम के कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे। अंदर रुकने वाले यात्रियों का आधार कार्ड जांचने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा, उन्होंने बताया कि यह पूरी व्यवस्था पूरी तरह निशुल्क है, किसी से एक रुपया भी नहीं लिया जाता और पूरा खर्च नगर निगम उठाता है।