विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनारस में बरात निकाले जाने के संबंध में थाना पुलिस को दें सूचना, नहीं तो संबंध‍ित थाने की पुल‍िस बजाएगी 'बैंड'

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 01:02 PM (IST)

वाराणसी पुलिस आयुक्त ने शादी-विवाह के सीजन में लगने वाले जाम और ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए बरात और मैरिज लान संचालकों हेतु सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों में बरात निकालते समय रस्सों का प्रयोग, सड़क के एक-तिहाई हिस्से से अधिक न घेरना, थाने को सूचना देना, डीजे पर अश्लील गाने न बजाना और रात 10 बजे बाद डीजे पर प्रतिबंध शामिल है।

बनारस में बरात और मैरिज हॉल के लिए पुलिस के नए सख्त नियम लागू।

बनारस में बरात और मैरिज हॉल के लिए पुलिस के नए सख्त नियम लागू।

HighLights

  1. बरात निकालते समय रस्सों का प्रयोग अनिवार्य होगा।

  2. रात 10 बजे बाद डीजे व लाउडस्पीकर पूर्णतः प्रतिबंधित।

  3. मैरिज लान में पर्याप्त पार्किंग, सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। शादी-विवाह के सीजन में बरात और मैरिज लान की वजह से लगने वाले जाम और ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार की रात बैठक ली। सख्त निर्देश दिया कि बरात निकालते समय रस्सों का प्रयोग अनिवार्य होगा। बरात के दौरान सड़क के एक-तिहाई से अधिक हिस्से को किसी भी दशा में कवर नहीं किया जाएगा, ताकि अन्य वाहनों का आवागमन सुचारु बना रहे।

उन्होंने कहा कि समस्त बारात घर संचालक बरात निकालने के संबंध में पहले स्थानीय थाने को अनिवार्य रूप से सूचना देंगे। बिना सूचना के बरात निकाली गई तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। वहीं डीजे पर किसी भी प्रकार के अश्लील, आपत्तिजनक व मर्यादा के विपरीत गाने नहीं बजेंगे। ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखनी होगी।

उल्लंघन पर डीजे सीज करने के साथ विधिक कार्रवाई होगी। रात 10 बजे बाद डीजे व लाउडस्पीकर का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी मैरिज लान व बरात घरों को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करनी होगी। वाहनों की पार्किंग मुख्य सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर नहीं की जाएगी। इसके साथ ही लान में सीसीटीवी क्रियाशील रहे और अग्निशमन उपकरण रखना अनिवार्य हो।

सभी डीसीपी अपने क्षेत्र के बरात घर, मैरिज लान व डीजे संचालकों के साथ बैठक कर निर्देशों के बारे में बताएं। शहर के सभी प्रमुख तिराहों-चौराहों पर रात 11 बजे से यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। यातायात पुलिस व स्थानीय पुलिस समन्वय से डायवर्जन व प्रबंधन करेंगी, ताकि किसी भी हाल में जाम की स्थिति न बनने पाए। नहीं तो पुल‍िस बरात की बैंड बजा सकती है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।