मौसम खराब होने से रीवा जा रहा इंडिगो एयरलाइंस का विमान वाराणसी डायवर्ट, ईंधन भरवाने के बाद हुआ रवाना
रीवा एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण इंदौर से रीवा जा रही इंडिगो की उड़ान को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। ईंधन भरने के बाद विमान को दोबारा रीवा के लिए रवाना किया गया, जिसमें एक यात्री ने स्वास्थ्य कारणों से यात्रा छोड़ दी।

मौसम खराब होने से रीवा जा रहा इंडिगो विमान वाराणसी डायवर्ट ईंधन भरवाकर रवाना।
HighLights
रीवा एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण विमान डायवर्ट हुआ।
इंडिगो की इंदौर-रीवा उड़ान वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरी।
ईंधन भरने के बाद विमान पुनः रीवा के लिए रवाना।
जागरण संवाददाता, (बाबतपुर) वाराणसी। रीवा एयरपोर्ट पर खराब मौसम के चलते इंदौर से रीवा जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान को शनिवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। विमान दोपहर करीब 3:40 बजे सुरक्षित वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरा। यहां ईंधन भरवाने के बाद शाम 4:51 बजे विमान को दोबारा रीवा के लिए रवाना कर दिया गया।
इस दौरान विमान में सवार एक यात्री ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अपनी यात्रा बीच में ही छोड़ दी। एयरपोर्ट अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस का एटीआर विमान संख्या 6ई-7171 इंदौर से रीवा के लिए उड़ान भरकर जा रहा था। विमान में 64 यात्री और चार क्रू मेंबर समेत कुल 68 लोग सवार थे।
रीवा एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण विमान की लैंडिंग में परेशानी की आशंका को देखते हुए उसे वाराणसी एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। दोपहर 3:40 बजे विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा और उसे बे नंबर नौ पर खड़ा किया गया। वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान में ईंधन भरने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसी दौरान एक यात्री ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को बताते हुए यात्री आगे नहीं की। इसके बाद शाम 4:51 बजे विमान 67 यात्रियों और चार क्रू मेंबर के साथ रीवा के लिए रवाना हो गया।