इंडिगो का फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला, वाराणसी से उड़ान भरने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, जेब पर पड़ेगा अतिरिक्त बोझ
इंडिगो ने विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण वाराणसी से संचालित होने वाली उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया ...और पढ़ें

इंडिगो के फ्यूल चार्ज बढ़ने से वाराणसी से हवाई यात्रा हुई महंगी यात्रियों की जेब पर बढ़ा बोझ।
HighLights
इंडिगो ने विमान ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया।
वाराणसी से उड़ानों पर 6 अक्टूबर से नई दरें प्रभावी हुईं, यात्रा महंगी हुई।
त्योहारी सीजन में यात्रियों को अब हवाई किराए के लिए अधिक भुगतान करना होगा।
जागरण संवाददाता (बाबतपुर) वाराणसी। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो द्वारा फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी किए जाने का सीधा असर उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र वाराणसी (लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) से संचालित होने वाली उड़ानों पर भी पड़ा है। विमान ईंधन (ए टी एफ)की कीमतों में लगातार हो रहे इजाफे के बाद एयरलाइन ने यह कदम उठाया है, जिससे काशी आने-जाने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आम यात्रियों का हवाई सफर महंगा हो गया है।
क्यों बढ़ाया गया फ्यूल चार्ज?
अक्टूबर महीने की शुरुआत से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ए टी एफ ) यानी जेट फ्यूल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। घरेलू बाजार में एटीएफ की कीमत बढ़कर करीब 137 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। चूंकि किसी भी एयरलाइन के कुल ऑपरेटिंग खर्च का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा केवल ईंधन पर ही खर्च होता है, इसलिए लागत को संतुलित करने के लिए इंडिगो ने घरेलू उड़ानों पर दूरी के हिसाब से फ्यूल चार्ज बढ़ा दिया है। नई दरें 6 अक्टूबर से प्रभावी हो चुकी हैं।
वाराणसी से देश के तमाम बड़े शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता,भुवनेश्वर और चेन्नई के लिए इंडिगो की नियमित उड़ानें संचालित होती हैं। नए स्लैब के मुताबिक वाराणसी से विभिन्न दूरियों वाले गंतव्यों पर जाने वाले यात्रियों को अब निम्नलिखित अतिरिक्त ईंधन शुल्क चुकाना होगा:
कम दूरी की उड़ानें (0 से 500 किमी): वाराणसी से नजदीकी शहरों के लिए अब 375 रुपये फ्यूल चार्ज देना होगा।हालाकि 500 किमी से कम दूरी की कोई फ्लाइट वाराणसी से संचालित नहीं होती है।
मध्यम दूरी की उड़ानें (501 से 1,000 किमी): वाराणसी से दिल्ली कोलकाता या अन्य नजदीकी महानगरों की उड़ानों (इस दायरे में आने वाली) के लिए अब 600 रुपये का शुल्क लगेगा।
लंबी दूरी की उड़ानें (1,001 से 1,500 किमी या उससे अधिक): वाराणसी से बेंगलुरु, हैदराबाद या मुंबई जैसे दूर के शहरों के लिए यह चार्ज बढ़कर 900 रुपये से लेकर 1,300 रुपये तक तय किया गया है।
फेस्टिव सीजन में बढ़ी परेशानी
वर्तमान में त्योहारी सीजन (दशहरा, दीपावली और छठ) चल रहा है, ऐसे में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए और अपने घर वापसी के लिए वाराणसी आते हैं। पीक सीजन होने के कारण पहले से ही टिकटों की मांग अधिक है। ऐसे में इंडिगो द्वारा फ्यूल चार्ज बढ़ाए जाने से फ्लाइट के टिकटों के दाम और अधिक बढ़ गए हैं, जिससे यात्रियों के यात्रा बजट पर सीधा असर पड़ा है।
ट्रैवल कारोबार से जुड़े प्रदीप चौरसिया ने बताया कि यदि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और जेट फ्यूल के दामों में नरमी नहीं आती है, तो वाराणसी रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को उच्च किराए का सामना करना जारी रखना पड़ सकता है।
अन्य विमानन कंपनियाँ भी अपने किराए में बढ़ोतरी कर सकती हैं ।
