भारत को दवाओं के निर्माण के साथ नई दवाओं की खोज में भी वैश्विक नेतृत्व करना होगा : राजभूषण चौधरी
केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी ने कहा कि भारत को अब 'फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड' के साथ 'लैबोरेटरी ऑफ द वर्ल्ड' भी बनना होगा, जिससे नई दवाओं की खोज में वैश्विक नेतृत्व मिल सके। उन्होंने काशी फार्माकॉन-2026 में दवाओं के सुरक्षित उपयोग, जन औषधि योजना और एआई के महत्व पर जोर दिया।

भारत को दवाओं की खोज में वैश्विक नेतृत्व करना होगा राजभूषण चौधरी।
HighLights
भारत को 'लैबोरेटरी ऑफ द वर्ल्ड' बनाना लक्ष्य।
नई दवाओं की खोज में वैश्विक नेतृत्व आवश्यक।
जन औषधि योजना से आम लोगों को भारी बचत।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि भारत को अब केवल 'फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड' बनकर नहीं रहना है, बल्कि 'लैबोरेटरी ऑफ द वर्ल्ड' के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित करनी होगी। देश को दवाओं के निर्माण के साथ नई दवाओं की खोज और विकास में भी वैश्विक नेतृत्व करना होगा। वैज्ञानिक शोध, पेटेंट और नई खोजों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ आम आदमी तक पहुंचे और लोगों का जीवन बेहतर बने। वह रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन 'काशी फार्माकॉन-2026' को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि फार्माकोलॉजी केवल दवाओं के अध्ययन का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन को बेहतर बनाने वाला विज्ञान है। किसी दवा की वास्तविक सफलता इस बात में है कि वह सही मरीज को, सही मात्रा में और किफायती कीमत पर उपलब्ध हो। दवा की मात्रा ही उसे औषधि या विष बना सकती है। उन्होंने 'द डोज मेक्स द पॉइजन' के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए दवाओं के सुरक्षित और उचित इस्तेमाल पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत देश में 19 हजार से अधिक जन औषधि केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां बाजार की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनके अनुसार, इस पहल से आम नागरिकों को 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित बचत हुई है। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के पीछे उन परिवारों की राहत भी है, जिन्हें नियमित दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), मशीन लर्निंग और कंप्यूटेशनल बायोलॉजी को दवा अनुसंधान के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इन तकनीकों से नए मॉलिक्यूल की पहचान, उनके प्रभाव का आकलन और दवा विकास की प्रक्रिया तेज हो रही है। हालांकि एआइ वैज्ञानिक विवेक, नैदानिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का विकल्प नहीं हो सकता। दवाओं की सुरक्षा, क्लिनिकल ट्रायल और मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि रहनी चाहिए।
डॉ. चौधरी ने हल्दी, नीम और अश्वगंधा जैसे औषधीय पौधों के पारंपरिक ज्ञान का आधुनिक वैज्ञानिक पद्धति से मूल्यांकन करने की जरूरत बताई। कहा कि इनके सक्रिय तत्वों, कार्यप्रणाली, उचित खुराक और संभावित दुष्प्रभावों का अध्ययन कर क्लिनिकल ट्रायल के माध्यम से प्रभावशीलता प्रमाणित करनी होगी। उन्होंने फार्माकोजेनोमिक्स और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसी चुनौतियों पर भी अनुसंधान को महत्वपूर्ण बताया।
बीएचयू की अकादमिक विरासत और शोध पर चर्चा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विविधता और ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सौ वर्ष से अधिक पुराने विश्वविद्यालय में लगभग 140 विभाग हैं और यहां विभिन्न विषयों में अध्ययन एवं शोध की व्यापक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों से भारत कला भवन और महामना अभिलेखागार देखने का भी आग्रह किया। कहा कि सम्मेलन में प्रस्तुत शोधपत्रों और नई तकनीकों पर होने वाली चर्चा से सभी प्रतिभागियों को नया ज्ञान मिलेगा।
मुख्य अतिथि डॉ. राजभूषण चौधरी ने अपने संबोधन में छात्र जीवन और फार्माकोलॉजी की पढ़ाई से जुड़ी यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि वह यहां मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक डॉक्टर और फार्माकोलॉजी के विद्यार्थी के रूप में आए हैं। इस दौरान उन्होंने अपने शिक्षक प्रो. केडी त्रिपाठी से मुलाकात को भी विशेष अनुभव बताया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रो. एनआर बिस्वास, आइएमएस निदेशक प्रो. एसएन शंखवार, प्रो. हरिहर दीक्षित, प्रो. केडी त्रिपाठी, आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. ललित मोहन, संयोजक प्रो. मनीष कुमार, आयोजन सचिव प्रो. हितेश मिश्रा, आइएमएस बीएचयू की फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव प्रो. किरण गिरि सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक, चिकित्सक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
आयोजन सचिव प्रो. किरण गिरि ने धन्यवाद ज्ञापन में केंद्रीय मंत्री, कुलपति, अतिथियों, प्रायोजकों, आयोजन समिति, शोधार्थियों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की सफलता का श्रेय पूरी टीम और काशी पहुंचे सभी प्रतिनिधियों को जाता है। आयोजन में किसी भी कमी के लिए उन्होंने क्षमा भी मांगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।