विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में छठ पर सूरजकुंड में सूर्य की किरणों की तीव्रता होती सर्वाधिक

By Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 06:43 PM (GMT+05:30)

छठ पूजा पर जल में सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा का काशी के सूरजकुंड से गहरा वैज्ञानिक और खगोलीय ...और पढ़ें

काशी के सूरजकुंड में छठ पर सूर्य की किरणों की विशेष तीव्रता का रहस्य।

काशी के सूरजकुंड में छठ पर सूर्य की किरणों की विशेष तीव्रता का रहस्य।

HighLights

  1. छठ पर सूरजकुंड में सूर्य की किरणें अधिक तीव्र होती हैं।

  2. पराबैंगनी किरणें इस दिन सूरजकुंड में अप्रभावी हो जाती हैं।

  3. जल में सूर्योपासना 12वीं सदी में काशी से आरंभ हुई।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। छठ पर जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के पीछे आस्था के साथ प्रकृति और खगोल विज्ञान का भी गहरा संबंध है। काशी के सूरजकुंड को इस दृष्टि से विशिष्ट माना गया है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व प्रोफेसर एवं सांस्कृतिक भूगोलवेत्ता प्रो. राणा पीबी सिंह के शोध-अध्ययन के अनुसार, कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सूरजकुंड में सूर्य का प्रकाश अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक तीव्रता से पहुंचता है।

उनका दावा है कि इस दिन यहां पराबैंगनी (यूवी) किरणें भी अप्रभावी हो जाती हैं। इसके पीछे कुंड की भौगोलिक अवस्थिति और उस दिन की विशेष खगोलीय स्थिति को कारण बताते हैं। इस विषय पर उनका अध्ययन पूर्व में विभिन्न लेखों में प्रकाशित हो चुका है।

12वीं सदी में काशी से शुरू हुई जल में सूर्योपासना की परंपरा
प्रो. सिंह के अनुसार, सूर्योपासना की परंपरा ऋग्वैदिक काल से चली आ रही है। ऋग्वेद के आठ सूक्त सूर्य की प्रार्थना और चिंतन को समर्पित हैं। हालांकि, जल में निमग्न होकर सूर्य की आराधना करने की पद्धति का आरंभ 12वीं सदी में काशी से माना जाता है। गहड़वाल वंश के राजाओं ने इस परंपरा को विकसित किया। बाद में यह देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंची। छठ में जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा इसी सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण कड़ी है।

भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र सांब ने कराया था मंदिर और कुंड का निर्माण
गोदौलिया से नई सड़क जाने वाले मार्ग पर सनातन धर्म इंटर कालेज के बगल स्थित सूरजकुंड का धार्मिक महत्व भी प्राचीन है। कुंड के समीप गोलाकार संरचना में भगवान सूर्य का मंदिर है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण के आदेश पर उनके पुत्र सांब ने यहां सूर्य मंदिर स्थापित कराया और कुंड का निर्माण कराया था।

सूर्य की उपासना कर उन्होंने यही कुष्ठ रोग से मुक्ति पाई थी। बाद में गहड़वाल वंश के राजाओं ने 12वीं सदी में इसका जीर्णोद्धार कराया। प्रो. सिंह बताते हैं कि सूर्य की किरणों और जल का संगम इस उपासना पद्धति को विशेष अर्थ देता है। अंजुली में जल लेकर सूर्य की ओर अर्घ्य देने की परंपरा में भी प्रकृति के इन दोनों तत्वों का समन्वय दिखाई देता है। उनके अनुसार, काशी की अवधारणा में कास्मास यानी ब्रह्मांड का भाव भी समाहित है।

हालांकि, ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाला सूरजकुंड आज उपेक्षा का शिकार है। कभी स्वच्छता और सुंदरता के लिए पहचाने जाने वाले इस कुंड में अब गंदगी और रखरखाव का अभाव है। छठ के अवसर पर इसकी वैज्ञानिक और सांस्कृतिक विशेषता के साथ संरक्षण का सवाल भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।