वाराणसी में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- 'स्वच्छता मित्र नींव के पत्थर, इनका सम्मान बहुत बड़ी बात'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह में सफाई कर्मियों को 'नींव का पत्थर' बताया। उन्होंने विरोधियों ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह में विरोधियों पर हमला बोला तो जनप्रतिनिधियों को भी सीख दी। कहा कि जब सब लोग सोते रहते हैं तब सफाई मित्र सड़क पर रहते हैं। उन्होंने बिना नाम लिए हुए कहा कि कुछ लोग तो ऐसे हैं जो 12:00 बजे सो कर उठते हैं।
उसके बाद भी परिवार में मस्त रहते हैं। इसका कारण है कि वह परिवार को ही प्रदेश मानते हैं। इसलिए समाज का भला नहीं कर पाते हैं। जो समाज का को परिवार मानता है वही बदलाव और प्रकृति के पथ पर प्रदेश को ले जाता है। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों को नींव का पत्थर बताते हुए कहा कि इनका सम्मान बहुत बड़ी बात है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी द्वारा 76 दिनों तक चलाए गए वार्ड प्रयास के समापन के अवसर पर आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अभियान को अभिनव बताते हुए अभिनंदन किया। कहा कि अगर 403 विधानसभा में ऐसी ही प्रवृत्ति उत्पन्न हो जाए तो बदलाव को कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने चेताया कि काफी समय तक सत्ता में रहने से नकारात्मकता पैदा होती है। उसे ऐसे कार्यों के माध्यम से जागरूकता पैदा कर रोका जा सकता है। योगी ने कहा कि शासन का अपना एक दायरा है लेकिन जनप्रतिनिधि की पहुंच ज्यादा है।
इसी का परिणाम रहा कि 76 दिन में हजारों लोगों तक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी पहुंचे। नगर निगम जलकल के 600 से अधिक सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं मंच पर 11 सफाई कर्मियों को अपने हाथों सम्मानित किया, योगी की सभा के बाद पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारा युवा नौकरी प्राप्त कर रहा है। युवाओं को टेबलेट उपलब्ध कराकर उन्हें डिजिटल से आगे बढ़ाया जा रहा है। कहा कि शिक्षकों का सम्मान नहीं था। अब 15 लाख शिक्षकों को परिवार सहित पांच लाख स्वास्थ्य बीमा कर दिया गया है। कहा कि नौजवानों को सुविधा मिले कोई दिक्कत न हो उसके लिए उनके द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था।
इस प्रयास के लिए मैं आपका आह्वान करने आया हूं। प्रतिनिधि अच्छा चुनकर भेजना चाहिए जो आपकी आवाज को उठा सके, जो आपकी मांगों को समर्थन दे सके, आपके हितों की निरंतर आवाज बन सके। गलत प्रतिनिधि चुनते हैं तो मान कर चलिए कि जो समाधान होना है वह भी नहीं होगा।
कहा कि वाराणसी खंड में नौ जनपद हैं। इन सभी जनपदों हम सभी को अच्छे प्रतिनिधि के लिए प्रयास बढ़ाना होगा। आप सभी दोनों प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद दीजिए मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि शिक्षक और स्नातक युवाओं के लिए जो भी बन सकेगा जो बातें आएगी उसका सरकार समाधान करेगी।
