काशी में ग्रीन आर्मी ने जुटाई जुर्माने की रकम, कैदी की रिहाई का रास्ता खुला
सामाजिक संस्था ग्रीन आर्मी ने वाराणसी में दहेज अपराध में सज़ा काट चुके धर्मेंद्र राजभर की आर्थिक जुर्माने की रकम चुकाकर रिहाई सुनिश्चित की। पैसों की कमी के कारण उनकी रिहाई में हो रही देरी को ग्रीन आर्मी की महिलाओं ने चंदा जुटाकर दूर किया, जिससे वे अपने परिवार से मिल सके।

ग्रीन आर्मी ने कैदी धर्मेंद्र राजभर की रिहाई के लिए जुटाए पैसे।
HighLights
ग्रीन आर्मी ने कैदी धर्मेंद्र राजभर की रिहाई में मदद की।
दहेज अपराध के जुर्माने की रकम ग्रीन आर्मी ने चुकाई।
संस्था जेल से रिहा कैदियों से अपराध रोकने को प्रेरित करती है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सामाजिक संस्था ग्रीन आर्मी ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे कैदी की मदद के लिए चंदा जुटाकर मिसाल पेश की। दहेज अपराध में सजा पूरी कर चुके धर्मेंद्र राजभर पर आर्थिक जुर्माना लगा था। रुपये की कमी के कारण उनकी रिहाई में देरी हो रही थी।
जानकारी मिलने पर ग्रीन आर्मी की महिलाओं ने आपस में चंदा इकट्ठा कर जुर्माने की रकम जुटाई और उनकी रिहाई आसान की।
ग्रीन आर्मी जेल से रिहा कैदियों के जरिए बच्चों और युवाओं को अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित भी करती है। जेल से बाहर आने पर धर्मेंद्र अपने इंतजार में खड़े रिश्तेदारों को देखकर भावुक हो गए।
ग्रीन आर्मी की शुरुआत करने वाले रवि मिश्रा ने कहा कि कोर्ट-कचहरी की परेशानियों, परिवार की बदनामी और जेल की जिंदगी से गुजर चुका व्यक्ति लोगों को अपराध से दूर रहने के लिए बेहतर ढंग से प्रेरित कर सकता है।
जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, जेलर सुरेश बहादुर सिंह और ग्रीन आर्मी की ओर से श्यामाकांत, संदीप गुप्ता, दिव्यांशु उपाध्याय, नितेश जायसवाल, विकास दीक्षित तथा अजितेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।