विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IMS बीएचयू के स्थापना दिवस पर रिसर्च को बढ़ावा देने पर दिया जोर, वैश्विक मानक स्थापित करने का आह्वान

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:15 PM (IST)

आइएमएस बीएचयू के 66वें स्थापना दिवस पर कुलपति ने शोध को वैश्विक मानक बनाने पर जोर दिया। संस्थान ने NIRF रैंकिंग में छठा स्थान प्राप्त किया और 748 शोधपत्र प्रकाशित किए, साथ ही स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया गया।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित चिकित्सा विज्ञान संस्थान के 66 वें वार्षिक स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर नृत्य की प्रस्तुती से पहले पूर्वाभ्यास करते कलाकार। जागरण - व अन्य। जागरण

काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित चिकित्सा विज्ञान संस्थान के 66 वें वार्षिक स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर नृत्य की प्रस्तुती से पहले पूर्वाभ्यास करते कलाकार। जागरण - व अन्य। जागरण

HighLights

  1. कुलपति ने शोध को वैश्विक मानक बनाने पर जोर दिया।

  2. संस्थान NIRF रैंकिंग में छठे स्थान पर, 748 शोधपत्र प्रकाशित।

  3. स्वास्थ्य मेले में 6,700 लोगों की हुई विभिन्न जांचें।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। आइएमएस बीएचयू का 66वां वार्षिक स्थापना दिवस समारोह स्वतंत्रता भवन में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आइएमएस बीएचयू का शोध के क्षेत्र में प्रदर्शन काफी अच्छा है, लेकिन इसे और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

मेरा उद्देश्य है कि आधुनिक चिकित्सा संकाय, दंत संकाय एवं आयुर्वेद संकाय मिलकर उत्कृष्ट अनुसंधान करें, जो पूरी दुनिया के लिए एक अच्छा मानक बन सके। विश्वविद्यालय राष्ट्रीय महत्व की श्रेणी में आता है, जिसके माध्यम से हम कई छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। हमें पीछे के जीवन से सीखना चाहिए और आगे चिकित्सा के क्षेत्र में विकास के लिए तत्पर रहना चाहिए।

चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के प्रो. एमके रमेश ने कहा कि विश्वविद्यालय एक विषय का न होकर बहु-विषयक होना चाहिए जिससे छात्रों को प्रत्येक विषय के बारे में जानकारी मिलने से मानसिक स्वास्थ्य एवं उत्साह बना रहता है। चेयरमैन राष्ट्रीय दंत आयोग प्रोफेसर संजय तिवारी ने कहा कि फैकल्टी आफ डेंटल साइंस बीएचयू एकेडमिक एवं रिसर्च में टाप 15 संस्थाओं में रहता है जो संकाय की अतिरिक्त शैक्षणिक गतिविधियों को प्रस्तुत करता है।

वर्तमान समय में मुख का कैंसर बढ़ता जा रहा जो चिंता का विषय है। इस पर शोध की आवश्यकता है जिससे इस समस्या से छुटकारा मिल सके। पूर्व निदेशक चौधरी ब्रम्ह प्रकाश, आयुर्वेद चरक संस्थान नई दिल्ली के प्रोफेसर हरिमोहन चन्डोला ने कहा कि बीएचयू के छात्र एवं शिक्षकों को अपने बाउंड्री से बाहर निकलकर यहां के मूलभूत सिद्धांतों को पूरे देश नहीं पूरी दुनिया में पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।

प्रो. संजय कुमार राय ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान संस्थान को विश्वविद्यालय में प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पूर्वांचल के जनता को एम्स की तरह सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आइजीआइ एमएस पटना के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विजयेंद्र कुमार ने कहा कि गुरु और शिष्य को योगी बन कर अपने क्षेत्र में सतत कार्य करते हुए जनता को लाभ पहुंचाना चाहिए। इस अवसर पर आइएमएस रिसर्च अवार्ड वितरण समारोह में डा. अभिषेक पाठक, डा. रोयना सिंह, डा. अखिलेश चंद्र, डा. महेश खैरनार सहित कुल 37 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रो. संजय गुप्ता ने स्वागत तो धन्यवाद ज्ञापन प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने किया। मंच का संचालन डा. दीपा देवदास, डा. किरण गिरी, डा. राशि शर्मा ने किया। वहीं हेल्थ मेला के संयोजक प्रो. वीएन मिश्रा ने बताया कि मेले के दूसरे दिन लगभग 4,200 स्कूली छात्रों सहित 6,700 लोगों की खून से संबंधित जांच, ब्लड प्रेशर सहित अन्य महत्वपूर्ण जांच की गई।

748 शोधपत्र इस वर्ष हुए प्रकाशित

आइएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने इस मौके पर संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया कि संस्थान इस वर्ष भारतवर्ष में एनआइआरएफ रैंकिंग में छठे स्थान पर रहा। इस वर्ष संस्थान से 748 शोधपत्र प्रकाशित हुए, 60 ईएमआर प्रोजेक्ट चल रहे हैं। कई संस्थानों के बीच पांच महत्वपूर्ण समझौते किए गए। वहीं विकास कार्यों के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।