काक्लियर इंप्लांट के बाद पुनर्वास से ही संभव है बेहतर सुनना और बोलना
काक्लियर इंप्लांट सर्जरी के बाद मरीजों को सुनने-बोलने में सक्षम बनाने के लिए नियमित पुनर्वास आवश्यक है। इसी उद्देश्य से बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में तीन दिवसीय विशेष मूल्यांकन एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों का आकलन कर उन्हें मार्गदर्शन दिया गया।

सर सुंदरलाल अस्पताल के ईएनटी विभाग में तीन दिवसीय शिविर।
HighLights
काक्लियर इंप्लांट के बाद नियमित पुनर्वास सुनने-बोलने के लिए आवश्यक।
बीएचयू में काक्लियर इंप्लांट उपयोगकर्ताओं के लिए तीन दिवसीय शिविर।
विशेषज्ञों ने मरीजों का मूल्यांकन कर पुनर्वास संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काक्लियर इंप्लांट (सीआइ) की शल्य प्रक्रिया के बाद मरीजों को सुनने और बोलने में सक्षम बनाने के लिए नियमित पुनर्वास बेहद जरूरी है। इसके बिना यह शल्य प्रक्रिया अपेक्षित सफलता तक नहीं पहुंच पाती। इसी उद्देश्य से बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के ईएनटी विभाग में काक्लियर इंप्लांट उपयोगकर्ताओं के लिए तीन दिवसीय विशेष मूल्यांकन एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में काक्लियर इंप्लांट पुनर्वास विशेषज्ञ शुभांगी और यैशिका ने मरीजों की आडियोलाजिकल मैपिंग के साथ वाक् एवं भाषा संबंधी मूल्यांकन किया। इसके माध्यम से प्रत्येक मरीज की प्रगति का आकलन कर उनकी जरूरतों के अनुरूप पुनर्वास संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। अभिभावकों के लिए जागरूकता सत्र भी हुआ।
इसमें उन्हें उपकरण के रखरखाव, नियमित देखभाल और घर पर बच्चों के भाषा विकास को प्रोत्साहित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। विभागाध्यक्ष डा. विश्वंभर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में मेड-एल कंपनी ने सहयोग किया। यह पहल काक्लियर इंप्लांट के बाद मरीजों की निरंतर देखभाल और उनके परिवारों को पुनर्वास के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।