एमएफएन दर्जा हटने के बाद आयात शुल्क हुआ दो सौ फीसद, सरकार ने उठाए कठोर कदम
पाक से कारोबार के बीच बनारस के बाजार से छुहारा रतनजोत पनीर के फूल व सेंधा नमक जैसी वस्तुएं अब आसानी से नहीं दिखेंगी जरूरतमंद को हाल-फिलहाल मिलना मुश्किल भी है।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस के बाजार से छुहारा, रतनजोत, पनीर के फूल व सेंधा नमक जैसी वस्तुएं अब आसानी से नहीं दिखेंगी। जरूरतमंद को हाल-फिलहाल मिलना मुश्किल भी है। अगर कहीं मिलेंगी भी तो ऊंचे दामों में। ऐसा इसलिए है कि केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से आयात शुल्क दो सौ फीसद कर दिया है। सभी सामान पाकिस्तान से आयात किए जाते रहे हैं। वाया दिल्ली होते हुए सामान बनारस के बाजारों तक पहुंचते रहे हैं। पुलवामा में आतंकी घटना के बाद भारत-पाक रिश्तों में कड़वाहट आई है जिसके फलस्वरूप जहां आयात शुल्क दौ सौ फीसद हो गया है वहीं 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' का दर्जा भी छीन लिया है।
विशेश्वरगंज के व्यापारी प्रतीक गुप्त, आलोक सेठ व नारायण ने बताया कि पाकिस्तान से कई सामान आने बंद हो गए हैं। यहांं हर महीने छुहारा 10 टन, पनीर का फूल 40-50 बोरा, रतनजोत 50-60 बोरा व सेंधा नमक भी लगभग इतना ही आता है। खपत भी आसानी से होती है। अब इनके दामों में तेजी आने की भी उम्मीद है।
क्या है मोस्ट फेवर्ड नेशन : विश्व व्यापार संगठन के नियम के मुताबिक दुनिया के देशों में आपसी व्यापार कैसा हो, इसके लिए नियम बना है। इसके मुताबिक साझा व्यापार करना अनिवार्य होता है। प्रो. केएस जायसवाल ने बताया कि मोस्ट फेवर्ड नेशन यानी एमएफएन का दर्जा समाप्त होने से पाकिस्तान का सामान भारत में नहीं आएगा। इसका सबसे अधिक असर इमोशनल होगा। देश के नागरिक पाकिस्तान के प्रति एक प्रकार से हर रिश्ते को खारिज करने के लिए तैयार हैं।
नियम की प्रतिबद्धता: डब्ल्यूटीओ के नियमों के अनुसार भी ऐसे दो देश एक-दूसरे से किसी भी तरह का भेदभाव नहीं कर सकते। एमएफएन का दर्जा मिल जाने पर दर्जा प्राप्त देश को भरोसा रहता है कि उसे कारोबार में नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। आयात-निर्यात में आपस में विशेष छूट मिलती है। कारोबार सबसे कम आयात शुल्क पर होता है। 1996 में पाकिस्तान को भारत ने यह दर्जा दिया था।
औषधीय है पनीर का फूल : द्रव्य गुण विभाग बीएचयू के डा. केएन द्विवेदी ने बताया कि पनीर का फूल अश्वगंधा का एक भेद है। यह ज्यादातर राजस्थान की तरफ पाया जाता है। इसका बाॅटनिकल नाम वेदेनिया को आबुलेंस है। इसे रात में पानी में भिगोकर सुबह पीने से ब्लड शुगर कम होता है।