उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल के रास्ते 'अकवान' चक्रवात का असर पहुंचा, बादलों की कैद में होने लगा आसमान
अकवान चक्रवात का असर गुरुवार रात से पूर्वांचल समेत उत्तर प्रदेश में दिखने लगा है, जिससे आसमान बादलों से घिर गया और कई जगह कोहरा भी छाया। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और किसानों को फसलों की चिंता सता रही है।

पूर्वांचल में अकवान चक्रवात का असर, बादलों की कैद में आसमान, किसानों की बढ़ी चिंता।
HighLights
अकवान चक्रवात का असर पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश में शुरू।
आसमान में बादल छाए, कई क्षेत्रों में कोहरा भी दिखा।
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया, किसान चिंतित।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में गुरुवार की रात से ही अकवान चक्रवात का असर प्रवेश करने लगा है। देर रात सोनभद्र के रास्ते चक्रवात ने प्रवेश किया और सुबह होते होते वाराणसी सहित अन्य पड़ोसी जिलों तक चक्रवात का असर प्रवेश कर गया। देखते ही देखते आसमान बादलों की कैद में हुआ तो कई क्षेत्रों में कोहरे का असर भी हुआ।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 28.0°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 13.2°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान न्यूनतम 73% और अधिकतम 86% दर्ज की गई। आर्द्रता में इजाफे के बीच आसमान बादलों की कैद में होता जा रहा है। मौसम का रुख बदला हुआ है और ठंडी हवाओं का असर भी है। इसके साथ ही दिन चढ़ने के साथ कई जिलों में सूरज की रोशनी भी बादलों ने रोक ली।
मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल के जिलों में अकवान चक्रवात का असर साफ दिख रहा है। सोनभद्र से लेकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की सक्रियता का रुख बना हुआ है। इसके असर से एक ओर तो बादलों ने आकाश को ढंक रखा है तो दूसरी ओर कई क्षेत्राें में कोहरे का असर भी बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से 21 को यलो अलर्ट और 22 को बादलों की आवाजाही का संकेत है।
बादलों की आवाजाही के बीच मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है, यलो अलर्ट जारी होने के साथ ही वातावरण में शुक्रवार की सुबह से ही बादलों की सक्रियता का दौर जारी है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद बादलों की आवाजाही का दौर है तो बादलों की सक्रियता के साथ ही वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में किसानों के माथे पर चिंंता की लकीरें खिंच गई हैं। खेती किसानी प्रभावित होने के साथ ही वातावरण का रुख अब किसानों को डराने भी लगा है।