भाजपा के पूर्व मंत्री व सभासद के अवैध निर्माण को ढहाया, खोजवां में चला जबरदस्त अतिक्रमण तोड़ो अभियान
खोजवां स्थित गांधी चौक के इर्दगिर्द चले लगभग ढाई घंटे के अभियान में भाजपा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता के आवास की चहारदीवारी व भाजपा सभासद का अवैध चबूतरा तोड़ दिया गया।
वाराणसी,जेएनएन। नगर निगम व जिला प्रशासन का अतिक्रमणकारियों पर असरदार डंडा रविवार को चला। खोजवां स्थित गांधी चौक के इर्दगिर्द चले लगभग ढाई घंटे के अभियान में भाजपा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता के आवास की चहारदीवारी व भाजपा सभासद का अवैध चबूतरा तोड़ दिया गया। इसका असर हुआ कि किसी ने अभियान का विरोध नहीं किया। कुछ दबंग किस्म के लोगों ने बहस की लेकिन वह टीम में शामिल अधिकारियों की सख्ती से बेअसर हो गए।
अतिक्रमण अभियान अपराह्न तीन बजे से शुरू हुआ। पूर्व में लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई थी। पूर्व में लगाये गए लाल निशान के अनुसार अतिक्रमण टीम ने अवैध निर्माण ढहाना शुरू कर दिया। कुछ हल्का विरोध पूर्व सूचना को देने से सम्बंधित था लेकिन अतिक्रमण दस्ता प्रभारी नगर निगम के तहसील दार विनय कुमार राय व एसीएम प्रथम रामसजीवन मौर्य ने किसी की नहीं सुनी। बिना किसी भेदभाव के सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण कर बनाये गए अवैध निर्माणों को तोड़ दिया। इस दौरान दो जेसीबी लगाई गई थी। अतिक्रमण की जद में आये पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के मकान की चहारदीवारी व सभासद राजेश केशरी बिल्लू का चबूतरा तोड़ दिया गया। लेकिन वहीं पूर्व मंत्री द्वारा अर्धनिर्मित विद्यालय की चहारदीवारी नहीं तोड़े जाने से आक्रोश रहा। इस दौरान लगभग दो दर्जन से ज्यादा अतिक्रमण तोड़े गए। एक मिष्ठान्न विक्रेता ने धौंस दिखानी चाही लेकिन अधिकारियों ने उसकी एक न सुनी। इस दौरान भेलूपुर सीओ सुधीर जायसवाल, थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय, लंका थाना प्रभारी भारत भूषण तिवारी भी मौजूद थे।