आईआईटी बीएचयू ने क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में लगाई 27 स्थानों की छलांग
आईआईटी-बीएचयू ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में वैश्विक स्तर पर 645वां स्थान प्राप्त करते हुए 27 स्थानों की ...और पढ़ें

आईआईटी बीएचयू ने क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में लगाई 27 स्थानों की शानदार छलांग।
HighLights
क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में आईआईटी-बीएचयू 645वें स्थान पर।
संस्थान ने वैश्विक स्तर पर 27 स्थानों की उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की।
पर्यावरण शिक्षा, अनुसंधान, सुशासन में आईआईटी-बीएचयू का उत्कृष्ट प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय), वाराणसी (आईआईटी-बीएचयू) ने वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करते हुए क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स : सस्टेनेबिलिटी 2027 में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। 17 नवंबर 2026 को जारी इस रैंकिंग में संस्थान ने वैश्विक स्तर पर 645वां, एशिया में 177वां तथा दक्षिणी एशिया में 31वां स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष की तुलना में संस्थान ने 27 स्थानों की छलांग लगाई है।
क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालयों के पर्यावरणीय एवं सामाजिक प्रभाव के साथ-साथ उनके संस्थागत प्रशासन और सुशासन के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। वर्ष 2027 की रैंकिंग में आईआईटी-बीएचयू ने पर्यावरणीय प्रभाव श्रेणी में 67.7 अंक प्राप्त किए और वैश्विक स्तर पर 437वां स्थान हासिल किया। वहीं, सुशासन श्रेणी में 85.6 अंकों के साथ संस्थान 499वें स्थान पर रहा।
विभिन्न मानकों पर भी संस्थान का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में 84.3 अंकों के साथ संस्थान ने वैश्विक स्तर पर 217वां स्थान प्राप्त किया। पर्यावरण अनुसंधान में 76.7 अंक हासिल किए। सामाजिक प्रभाव की श्रेणी में रोजगार क्षमता एवं अवसरों के लिए 77.8 अंक तथा ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए 80.3 अंक प्राप्त किए। वहीं, सुशासन के मानक पर संस्थान को 85.6 अंक मिले।
ये उपलब्धियां पर्यावरण शिक्षा, अनुसंधान, ज्ञान के आदान-प्रदान और संस्थागत सुशासन के क्षेत्र में संस्थान के प्रयासों को रेखांकित करती हैं। साथ ही, पर्यावरणीय स्थिरता और शिक्षा के व्यापक सामाजिक प्रभाव को और बेहतर बनाने की दिशा में नए अवसर भी प्रस्तुत करती हैं। आईआईटी-बीएचयू में शैक्षणिक, शोध एवं संस्थागत गतिविधियों में सतत विकास की अवधारणा को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है।
बहुविषयक अनुसंधान, पर्यावरण शिक्षा, नवाचार, उद्योग जगत के साथ सहयोग तथा विभिन्न संस्थागत पहलों के माध्यम से संस्थान संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति में योगदान दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स
एशिया 2027 में भी आईआईटी-बीएचयू ने उल्लेखनीय प्रगति की है। तीन नवंबर 2026 को जारी इस रैंकिंग में संस्थान ने 219वां स्थान प्राप्त किया, जबकि पिछली रैंकिंग में यह 237वें स्थान पर था। इस प्रकार संस्थान ने 18 स्थानों का सुधार किया है।
वहीं, क्यूएस दक्षिणी एशिया रैंकिंग 2026 में संस्थान 38वें स्थान पर रहा, जो पिछली बार के 49वें स्थान की तुलना में 11 स्थानों का सुधार है। इसके अतिरिक्त, जून 2026 में जारी क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में भी आईआईटी-बीएचयू ने वैश्विक स्तर पर 510वां स्थान हासिल किया, जबकि पिछले वर्ष यह 566वें स्थान पर था।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आईआईटी-बीएचयू के निदेशक एवं संस्थान की रैंकिंग समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित पात्रा ने कहा, “क्यूएस रैंकिंग में निरंतर हो रहा सुधार हमारे शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पूर्व विद्यार्थियों के सामूहिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता का परिणाम है। यह शैक्षणिक उत्कृष्टता, अत्याधुनिक अनुसंधान और संस्थागत विकास के प्रति उनकी निरंतर मेहनत को दर्शाता है।
देश और एशिया के विभिन्न संस्थानों की बढ़ती भागीदारी के बावजूद आईआईटी-बीएचयू ने अपनी वैश्विक पहचान को लगातार मजबूत किया है। यह उपलब्धि नवाचार, प्रभावशाली अनुसंधान तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उद्योग जगत के साथ सार्थक साझेदारियों को बढ़ावा देने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती है। ये प्रयास विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप हैं।”
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।