विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी-तमिल संगमम् के संदेश के साथ दौड़े बीएचयू के सैकड़ों युवा, कुलपति ने मालवीय भवन से दिखाई हरी झंडी

By Vns Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 11:04 AM (IST)

काशी तमिल संगमम् 5.0 के तहत बीएचयू में 'रन फार केटीएस 5.0' का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। इस दौड़ का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उत्तर-दक्षिण भारत की एकता का संदेश देना था।

HighLights

  1. बीएचयू में 'रन फार केटीएस 5.0' का आयोजन।

  2. युवाओं ने उत्तर-दक्षिण सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।

  3. काशी तमिल संगमम् 5.0 की थीम 'थिरुक्कुरल पयिलवोम'।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बीएचयू में सैकड़ों युवा दौड़े। मौका था काशी तमिल संगमम् 5.0 के तहत आयोजित ‘रन फार केटीएस 5.0’ का। सुबह सात बजे मालवीय भवन से शुरू हुई दौड़ रविदास गेट तक पहुंची। युवाओं ने दौड़ के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता तथा विविधता में एकता का संदेश दिया।

बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। युवाओं की भागीदारी से उत्साहित कुलपति ने कहा कि बीएचयू अपने आप में एक राष्ट्र की तरह है, जहां देश के हर राज्य के विद्यार्थी एक साथ शिक्षा ग्रहण करते हैं। यहां अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के लोग मिल-जुलकर रहते हैं।

उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं और संगीत की साझा विरासत को सामने लाने का महत्वपूर्ण आयोजन है। इससे काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषायी और आध्यात्मिक संबंध और प्रगाढ़ होंगे।

थिरुक्कुरल के विचारों से जोड़ने की पहल

काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होगा। इस बार की थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलवोम’ यानी ‘थिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ रखी गई है। तमिल संत कवि थिरुवल्लुवर रचित यह प्राचीन ग्रंथ नैतिकता, जीवन मूल्यों और सदाचरण की सीख देता है। इसमें अरम (सद्गुण), पोरुल (धन एवं समाज व्यवस्था) और इन्बम (प्रेम) के माध्यम से जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया गया है। इसके विचारों को अनुवाद के माध्यम से अन्य भाषाओं के विद्यार्थियों और आम लोगों तक पहुंचाने की पहल भी की जा रही है।

कार्यक्रम का समन्वय नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् उत्तर और दक्षिण भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। ‘रन फार केटीएस 5.0’ इसी सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश देने की पहल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।