वाराणसी में देव दीपावली पर लाख रुपये तक जा पहुंचा होटल का किराया, फिर भी कमरों के लिए मारामारी
देव दीपावली पर वाराणसी में पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण होटल के कमरों का किराया एक लाख रुपये तक ...और पढ़ें

गंगा किनारे के होटलों की सबसे अधिक मांग, पर्यटकों को लुभाने के लिए विशेष इंतजाम और पैकेज तैयार।
HighLights
देव दीपावली पर वाराणसी में होटल किराए में भारी वृद्धि देखी गई।
पर्यटकों की भीड़ से कमरों का किराया एक लाख रुपये तक पहुंचा।
प्रशासन और पर्यटन विभाग होटल मालिकों की मनमानी पर मौन हैं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा घाटों पर होने वाले पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए होटल मालिकों ने कमरों का रेट पांच से दस गुना बढ़ा दिए हैं। बड़े स्टार होटलों में एक कमरे का रेट एक लाख रुपये तक पहुंच गया है। सामान्य स्टार होटलों में कमरों का रेट 45 से 50 हजार रुपये तक है।
सबसे अधिक गंगा किनारे के होटल, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट हाउस और बेड एंड ब्रेक फास्ट एवं होमस्टे के संचालकों ने रेट बढ़ाया है। शहर के प्रमुख स्टार होटलों में कमरे खोजे नहीं मिल रहे हैं। ट्रैवेल्स संचालकों ने छह माह पहले की कमरे बुक करा लिए हैं। होटलों में कमरे नहीं मिलने से पर्यटक परेशान रहे। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग सब कुछ जानने के बाद भी मूकदर्शक बने हुए हैं।
गंगा घाटों पर देव दीपावली को यादगार बनाने के लिए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को गंगा घाटों संग सभी मंदिरों में भव्य दीपोत्सव बनाने को कहा है। 11 लाख दीपों से गंगा घाट जगमगाएंगे। गंगा घाटों की अद्भूत छठा को देखने हजारों देसी-विदेशी पर्यटक बनारस पहुंचेंगे।
पर्यटकों की भीड़ और कमरों की मांग को देखते हुए होटल मालिकों ने 10 से 20 हजार रुपये के कमरों का रेट बढ़ाकर एक लाख रुपये तक कर दिया है। 5000 से 7000 रुपये के कमरों का रेट बढ़ाकर 45000 से 50000 रुपये कर दिए हैं। पर्यटक स्टार होटलों में कमरों के लिए जुगाड़ या पैरवी करवा रहे हैं।
पांच से छह लाख रुपये में बुक हो रहे बड़े बजड़े
ट्रैवेल्स संचालकों ने अपने स्तर से पहले ही कमरे बुक करा लिए थे जिससे उनके ग्रुप के आने वाले पर्यटकों को ठहरा सके। साथ ही महंगे कमरे बेचे जा सके। ट्रैवेल्स संचालक पर्यटक को होटल में कमरा दिलाने के साथ गाड़ी और गंगा में बजड़े या नावों को सजवा रहे हैं। बड़े बजड़े पांच से छह लाख और मीडियम बजड़े तीन लाख रुपये तक बुक हो रहे हैं। छोटे नाव संचालक भी पीछे नहीं है, वे भी मनमाना रेट मांग रहे हैं। उन पर नियंत्रण करने वाला कोई नहीं है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों संग गंगा आरती का विशेष पैकेज
पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल संचालकों ने अपने स्तर से कई विशेष सुविधाएं तैयार की हैं। कहीं पारंपरिक काशी के खानपान की व्यवस्था है तो कहीं संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गंगा आरती के दर्शन को पैकेज में शामिल किया गया है। संचालक भी विशेष पैकेज तैयार कर रहे हैं। इनमें नौका विहार, घाट दर्शन, सारनाथ भ्रमण और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सैर को शामिल किया जा रहा है। पर्यटकों को कम समय में शहर के प्रमुख आकर्षणों तक पहुंचाने के लिए वाहन और स्थानीय गाइड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
नाविकों ने भी शुरू की तैयारी
नावों की मरम्मत, रंगाई-पोताई और सजावट के साथ पर्यटकों को घाटों की दीपमालिका दिखाने की तैयारी है। इस दौरान नावों पर क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, सभी यात्रियों को जीवन रक्षक जैकेट उपलब्ध कराने और निर्धारित क्षेत्र में ही नौका संचालन जैसे सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान देना होगा। गंगा में भीड़ बढ़ने के दौरान नावों के बीच टक्कर और अनियंत्रित संचालन रोकना बड़ी चुनौती रहेगी।
सुरक्षा और व्यवस्था की भी बड़ी परीक्षा
पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था महत्वपूर्ण होगी। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर पुलिस की तैनाती, नावों के संचालन की निगरानी, गोताखोरों और जल पुलिस की सक्रियता जरूरी रहेगी। गंगा में सुरक्षा के साथ घाटों पर भगदड़ और दुर्घटनाओं की आशंका रोकने के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।