विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आयुष्मान कार्डधारकों से इलाज के नाम पर वसूली की तो अस्पताल पर 20 गुना तक जुर्माना, मान्यता भी होगी रद

By Shivam SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 03:06 PM (IST)

आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों से अवैध वसूली करने वाले निजी अस्पतालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे अस्पतालों पर 5 से 20 गुना तक जुर्माना, निलंबन और ब्लैकलिस्टिंग का प्रावधान किया गया है, जिसकी जानकारी सीएमओ वाराणसी ने दी।

HighLights

  1. अवैध वसूली पर अस्पतालों पर 5 से 20 गुना जुर्माना लगेगा।

  2. बार-बार गड़बड़ी पर अस्पताल का निलंबन और ब्लैकलिस्टिंग होगी।

  3. 70 वर्ष से अधिक उम्र के मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी : आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नाम पर मरीजों को इलाज की गारंटी देने वाले अस्पताल ही अगर उनकी जेब पर बोझ डालने लगे तो अब उनकी खैर नहीं। आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद मरीजों से इलाज के नाम पर नकद वसूली, कैशलेस उपचार से इन्कार और उपचार में मनमानी करने वाले निजी अस्पतालों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

ऐसे अस्पतालों पर पांच से लेकर 20 गुना तक जुर्माना लगाया जा सकता है। बार-बार गड़बड़ी मिलने पर अस्पताल का भुगतान रोकने, निलंबन और अंततः सूचीबद्धता समाप्त कर ब्लैकलिस्ट करने तक का प्रावधान है। यह जानकारी सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान सीएमओ डा. एनपी सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि कई अस्पताल संचालक दिल्ली में बैठकर वाराणसी में अवैध रूप से आयुष्मान अस्पतालों का संचालन कर रहे हैं ऐसे 14 अस्पतालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। जिले में आयुष्मान योजना के तहत 1147 स्वास्थ्य इकाइयां सूचीबद्ध हैं।

इनमें 560 अस्पताल और नर्सिंग होम, 261 क्लीनिक, 162 लैब और 113 डायग्नोस्टिक सेंटर शामिल हैं। इसके अलावा 50 बेड से अधिक क्षमता वाले 51 अस्पताल भी हैं। इतनी बड़ी संख्या में स्वास्थ्य इकाइयों के योजना से जुड़े होने के बावजूद लाभार्थियों को पूरी तरह कैशलेस उपचार मिल रहा है या नहीं, इस पर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से 11 सितंबर 2026 को जारी आदेश में सभी आबद्ध अस्पतालों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि योजना के लाभार्थियों को नियमानुसार निश्शुल्क उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है। यदि किसी मरीज या उसके परिजन से इलाज के नाम पर धनराशि ली गई है तो उसे तत्काल वापस करना होगा। ऐसा नहीं करने पर राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की गाइडलाइन के अनुसार जुर्माना लगाने के साथ अस्पताल की आबद्धता समाप्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।

तीसरी गलती पर सीधे ब्लैकलिस्टिंग

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की पांच नवंबर 2025 को जारी गाइडलाइन में अस्पतालों की मनमानी पर अलग-अलग स्तर की कार्रवाई तय की गई है। आयुष्मान कार्ड प्रस्तुत करने के बाद भी कैशलेस इलाज से इन्कार करने या मरीज को नकद भुगतान के लिए मजबूर करने पर पहली बार ही वसूली गई धनराशि वापस कराने के साथ पेनाल्टी लगाई जा सकती है। दूसरी बार गड़बड़ी मिलने पर पांच गुना तक जुर्माना और अस्पताल का निलंबन किया जा सकता है। तीसरी बार ऐसी शिकायत सही पाए जाने पर अस्पताल को योजना से बाहर करने और ब्लैकलिस्ट करने का प्रावधान है।

इसी तरह मरीज को सेवाएं दिए बिना क्लेम करना, गलत पैकेज लगाना, अनावश्यक प्रक्रिया दिखाना, गलत लाभार्थी की पहचान और फर्जी अथवा संपादित दस्तावेज अपलोड करना भी अस्पतालों को भारी पड़ सकता है। सेवाएं दिए बिना बिलिंग करने पर पहली बार दावा निरस्त करने के साथ पांच गुना तक जुर्माना, दूसरी बार 10 गुना तक जुर्माना और निलंबन तथा तीसरी बार ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई हो सकती है। अन्य अनियमितताओं के लिए भी अलग-अलग दंड निर्धारित किए गए हैं।

70 वर्ष से अधिक उम्र वालों पर विशेष जोर

सीएमओ ने अस्पतालों को 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे मरीजों की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से कर उन्हें कार्ड बनवाने में मदद करनी होगी। अस्पतालों को भर्ती होने वाले मरीजों से आयुष्मान कार्ड और कैशलेस उपचार की स्थिति से संबंधित सहमति पत्र लेने के साथ अपनी सूचीबद्ध विशेषज्ञताओं का विवरण भी प्रदर्शित करना होगा।

हेल्प डेस्क और शिकायत पेटिका अनिवार्य

अस्पतालों के प्रवेश द्वार और रिसेप्शन पर आयुष्मान योजना से संबंधित प्रचार सामग्री, हेल्प डेस्क और आयुष्मान मित्र की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। आयुष्मान मित्र और अस्पताल के संपर्क नंबर भी प्रदर्शित करने होंगे। इसके अलावा पांच गुणा तीन फीट का सूचना बोर्ड लगाना होगा, जिसमें अस्पताल का पंजीकरण नंबर, संचालक का नाम, बेड की संख्या, चिकित्सा पद्धति, विशेषज्ञता और चिकित्सकीय कर्मचारियों का विवरण दर्ज रहेगा।

अस्पतालों को शिकायत समिति गठित करने और मुख्य द्वार पर शिकायत पेटिका लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। वहीं, निरस्त और आंशिक भुगतान वाले दावों पर पुनर्विचार के लिए समय-सीमा तय की गई है। अस्पतालों को निर्धारित अवधि में पोर्टल पर आवेदन करना होगा। समय-सीमा बीतने के बाद दावों पर दोबारा सुनवाई नहीं होगी।

अब सवाल यह है कि इन सख्त निर्देशों के बाद स्वास्थ्य विभाग कितने अस्पतालों का मौके पर निरीक्षण करता है और आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद मरीजों से वसूली करने वालों पर वास्तव में कितनी कार्रवाई होती है। क्योंकि योजना की सफलता अस्पतालों की सूचीबद्ध संख्या से नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों को बिना एक रुपया खर्च किए इलाज मिलने से तय होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।