सिगरा स्टेडियम में खिलाडिय़ों ने खेली होली, मार्निंग वॉकर क्लब के सदस्य भी शामिल
वाराणसी स्थित डा. संपूर्णानंद स्पोट्र्स स्टेडियम सिगरा में बुधवार को अलग नजारा देखने को मिला। मुख्य द्वार से अंदर घुसने पर दो स्थानों पर स्टाल बनाए गए थे। होली की मस्ती स्टेडियम में छाई हुई थी।
वाराणसी, जेएनएन। डा. संपूर्णानंद स्पोट्र्स स्टेडियम सिगरा में बुधवार को अलग नजारा देखने को मिला। मुख्य द्वार से अंदर घुसने पर दो स्थानों पर स्टाल बनाए गए थे। होली की मस्ती स्टेडियम में छाई हुई थी। यहां खिलाड़ी एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामना दे रहे थे तो कोई घोड़े पर सवार होकर मस्ती से कर रहा था। कुल मिलाकर खिलाडि़यों ने यहां खूब आनंद लिया।
स्टेडियम के दर्शक दीर्घा पर जूनियर खिलाडिय़ों ने सीनियर खिलाडिय़ों को टीका लगा कर वरिष्ठ खिलाडिय़ों से आर्शीर्वाद लिया। वहीं दूसरी ओर से मार्निंग वाकर क्लब के महेंद्र सिंह ने बताया साल भर तो हम लोग स्टेडियम अपनी सेहत को बेहतरीन रखने के लिए आते हैं लेकिन आज के दिन रंग और गुलाल से बहुत कुछ कर जाते हैं। कई बार के मनमुटाव दूर हो जाते हैं। वॉकर क्लब के सदस्यों के अलावा खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों को ठंडाई पिला कर स्वागत किया गया। उसके बाद कचौड़ी जलेबी का नाश्ता किया। नाश्ते में गुजराती व्यंजन डोकला भी अलग से दिख रहा था। मालूम हो कि दीपावली से एक दिन पूर्व सिगरा स्टेडियम को दीयों और मोमबत्तियों से शानदार तरीके से सजाया जाता है। सजावट देखने दूर-दूर से लोग आते हैं।
आयोजन से जुड़े नासिर अली, साजिद खान और मंजीत त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि स्टेडियम में आकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनना ही एकमात्र मकसद नहीं होता है। यहां पर वह बेहतरीन नागरिक भी बनता है। उत्तर प्रदेश की ओर से कई रणजी मैच खेल चुके नासिर का कहना है कि सीनियर और जूनियर खिलाडिय़ों के बीच समन्वय बना रहना चाहिए। कभी-कभी वरिष्ठ खिलाड़ी जूनियर खिलाड़ी को डांट भी देते हैं, तब जूनियर खिलाड़ी अजीब सा रिएक्शन देते हैं। जबकि वरिष्ठ खिलाड़ी चाहता है कि जब वह सिगरा स्टेडियम से आगे निकले तो उसके प्रशिक्षण पर कोई अंगुली न उठाए। खिलाडि़यों ने कहा होली पर हम सभी मिलकर एक दूसरे को रंग लगाते हैं और इस उत्सव का आनंद लेते हैं।