विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में 30 नवंबर को लगेगा ऐतिहासिक लोटा-भंटा मेला, रविवार की परंपरा के चलते बदली तिथि, भोले को बाटी-चोखा ख‍िलाते हैं भक्‍त

By abhishek sharma Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 01:18 PM (IST)

काशी के रामेश्वर धाम में ऐतिहासिक लोटा-भंटा मेला अब 30 नवंबर को लगेगा, जो रविवार को बैंगन न भूनने की स्थानीय परंपरा के कारण एक दिन आगे बढ़ाया गया है। यह मेला संतान प्राप्ति की मान्यता और भगवान राम से जुड़े पौराणिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

वाराणसी के रामेश्वर धाम में लोटा भंटा मेला अब 30 नवंबर को लगेगा। (फाइल)

वाराणसी के रामेश्वर धाम में लोटा भंटा मेला अब 30 नवंबर को लगेगा। (फाइल)

HighLights

  1. लोटा-भंटा मेला 30 नवंबर को रामेश्वर धाम में आयोजित होगा।

  2. रविवार को बैंगन न भूनने की परंपरा से तिथि बदली।

  3. संतान प्राप्ति की कामना से श्रद्धालु बाटी-चोखा चढ़ाते हैं।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की प्रसिद्ध पंचक्रोशी तीर्थ यात्रा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर धाम में इस वर्ष ऐतिहासिक 'लोटा-भंटा मेला' 30 नवंबर (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा। स्थानीय लोक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए मेले की तिथि में यह बदलाव किया गया है।

दरअसल, पंचांग की तिथिनुसार यह मेला 29 नवंबर यानी रविवार को पड़ रहा था, लेकिन क्षेत्र में रविवार के दिन भंटा (बैंगन) न भूनने की प्राचीन मान्यता है। इसी वजह से स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की सहमति से मेले का आयोजन एक दिन आगे बढ़ाकर सोमवार को तय किया गया है। यह व‍ह वि‍शेष द‍िन होता है जब भोले को भक्‍त बाटी चोखा का भोग लगाते हैं। मान्‍यता है क‍ि भगवान राम ने भी यहां अनुष्‍ठान किया था। 

मेला क्षेत्र में झूले-चरखे तैयार, प्रशासन सतर्क

मेले को लेकर रामेश्वर और आसपास के इलाकों में उत्साह चरम पर है। मेला परिसर में बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए बड़े झूले, चरखे और विभिन्न प्रकार की दुकानें सज चुकी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आला अधिकारियों द्वारा अब तक मेले की व्यवस्थाओं की दो बार गहन समीक्षा की जा चुकी है, ताकि दूर-दराज से आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पौराणिक इतिहास और संतान प्राप्ति की मान्यता

रामेश्वर तीर्थ का पौराणिक महत्व अत्यंत विशेष है। मान्यताओं के अनुसार, लंका विजय और रावण वध के पश्चात ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति और प्रायश्चित के लिए भगवान श्रीराम ने यहां प्रवास किया था। इस दौरान उन्होंने वरुणा नदी के तट की रेत से स्वयं शिवलिंग की स्थापना कर विधिवत पूजन किया था।

वहीं, लोटा-भंटा मेले की शुरुआत के पीछे एक रोचक लोककथा प्रचलित है। कहा जाता है कि सैकड़ों वर्ष पूर्व एक निःसंतान दंपती ने यहां आकर भगवान रामेश्वर महादेव से संतान प्राप्ति की कामना की थी। मनोकामना पूर्ण होने पर उन्होंने अगहन मास में यहां आकर उपले (अहरे) की आग पर बाटी और भंटा (चोखा) बनाकर महादेव को अर्पित किया था। तभी से यह परंपरा अनवरत चली आ रही है।

आज भी पूर्वांचल और बिहार के कोने-कोने से दंपती संतान की कामना और मनोकामना पूर्ण होने पर यहां आते हैं, अहरे पर बाटी-चोखा पकाते हैं और महादेव को भोग लगाने के बाद सपरिवार प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस कामना से लोक आस्‍था का यह मेला आज भी युगों से जीवंंत है।  

10 किलोमीटर में फैलेगा मेला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बड़ागांव और जंसा थाना क्षेत्रों की सीमा में करीब 10 किलोमीटर की विशाल परिधि में लगने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ बिहार से भी हजारों श्रद्धालु एक दिन पूर्व यानी रविवार शाम से ही पहुंचने लगते हैं।

संभावित भारी भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा खाका तैयार किया है। मेला क्षेत्र में कई थानों की पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी (PAC), महिला पुलिस बल और अग्निशमन दल (फायर ब्रिगेड) की तैनाती की जाएगी।

मंदिर प्रशासन और ग्राम प्रधान ने की बुनियादी सुविधाओं की मांग

मेले की तैयारियों के बीच रामेश्वर मंदिर के पुजारी अनूप तिवारी और जगापट्टी के ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने प्रशासन से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

उन्होंने मेला क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल, रात के समय पर्याप्त रोशनी (स्ट्रीट लाइट व जनरेटर), नियमित साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराने पर जोर दिया है। इसके अतिरिक्त, वरुणा नदी में स्नान और आचमन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नदी तट पर सुरक्षा रस्सी, नाव और गोताखोरों के साथ ट्यूब की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।