आपराधिक मामले वाले अभ्यर्थी के पीएचडी प्रवेश पर BHU के फैसले में हाईकोर्ट का हस्तक्षेप नहीं
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के पीएचडी प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। यह मामला आपराधिक पृष्ठभूमि वाले एक अभ्यर्थी से संबंधित था, जिसे हालांकि कार्य परिषद के समक्ष प्रत्यावेदन देने की छूट मिली है।

आपराधिक प्रकरण के चलते विश्वविद्यालय ने लगाई थी रोक।
HighLights
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने BHU के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार किया।
आपराधिक मामले के कारण पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया रोकी गई थी।
अभ्यर्थी को कार्य परिषद के समक्ष प्रत्यावेदन की छूट मिली।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीएचडी प्रवेश से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय प्रशासन के आदेश में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया है। इतिहास विषय में पीएचडी प्रवेश के एक अभ्यर्थी ने अपने विरुद्ध लंबित आपराधिक मामले के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया रोके जाने को चुनौती देते हुए रिट याचिका दाखिल की थी।
न्यायालय ने 23 नवंबर को पारित आदेश में विश्वविद्यालय के निर्णय में कोई हस्तक्षेप नहीं किया। हालांकि, अभ्यर्थी को विश्वविद्यालय की कार्य परिषद के समक्ष प्रत्यावेदन प्रस्तुत करने की छूट दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से न्यायालय में पक्ष रखा गया कि कार्य परिषद ने नौ जून 1979 को पारित प्रस्ताव में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले विद्यार्थियों के परिसर में प्रवेश पर रोक से संबंधित प्रावधान किया है। इसी आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थी के पीएचडी प्रवेश की आगे की प्रक्रिया पर रोक लगाई थी।