काशी के आसमान में दिखा तकनीक का आसमानी तिलिस्म, कलाकृतियों ने मोहा मन
देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी में गंगा तट पर 2100 'मेड इन इंडिया' ड्रोनों का भव्य प्रदर्शन हुआ। इन ड्रोनों ने डमरू, राम मंदिर, शिवजी और प्रमुख हस्तियों की आकृतियाँ बनाकर लाखों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वाराणसी देव दीपावली पर 2100 ड्रोनों ने आसमान में बिखेरी अद्भुत छटा।
HighLights
2100 'मेड इन इंडिया' ड्रोनों ने एक साथ उड़ान भरी।
डमरू, राम मंदिर, शिवजी की आकृतियों ने मन मोहा।
मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री मोदी की छवियां भी बनीं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा की लहरों पर दीपों की जगमगाहट के बीच आसमान में तकनीक का तिलिस्म नजर आया। देव दीपावली पर शाम सात बजकर दस मिनट पर चेतसिंह किले के सामने गंगा की रेती से 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरी तो घाटों पर मौजूद लाखों लोगों की निगाहें आसमान पर टिक गईं।
रोशनी से सजे ड्रोनों ने एक के बाद एक ऐसी आकृतियां बनाईं कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। ड्रोन शो में सबसे पहले डमरू की आकृति उभरी। इसके बाद शिवजी का हाथ, शिवलिंग और त्रिशूल के जरिए काशी की आध्यात्मिक पहचान दिखाई गई। फिर अयोध्या के राम मंदिर की भव्य आकृति आसमान में नजर आई। इसके बाद श्रीकृष्ण की छवि ने लोगों का ध्यान खींचा।
आगे देव दीपावली की शुभकामनाएं प्रदर्शित की गईं। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आकृतियां उभरीं। उत्तर प्रदेश का प्रतीक चिह्न प्रदर्शित करने के बाद अंत में हर-हर महादेव की आकृति के साथ शो का समापन हुआ। गंगा की रेती से लेकर घाटों और नौकाओं पर मौजूद लोग इस नजारे को मोबाइल कैमरों में कैद करते रहे। ड्रोनों की एकसाथ गति, सटीक तालमेल और रोशनी ने काशी की देव दीपावली में आधुनिक तकनीक का नया आकर्षण जोड़ दिया।