विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश-विदेश में कथक से बनाई ख्याति अब जेन जी से सहेजवा रही संस्कृति की थाती

By Saurabh Agrawal Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 07:17 PM (IST)

प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना डॉ. रुक्मिणी जायसवाल, जो बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, युवा पीढ़ी को शास्त्रीय कला से जोड़कर आत्मनिर्भर ...और पढ़ें

डॉ रुक्मिणी जायसवाल: कथक से वैश्विक पहचान और युवा पीढ़ी को प्रेरणा।

डॉ रुक्मिणी जायसवाल: कथक से वैश्विक पहचान और युवा पीढ़ी को प्रेरणा।

HighLights

  1. डॉ. रुक्मिणी जायसवाल बीएचयू में कथक की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।

  2. वह 'जेन जी' को शास्त्रीय कला से आत्मनिर्भर बना रही हैं।

  3. उन्होंने देश-विदेश में भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक को प्रतिष्ठित किया।

सौरभ अग्रवाल, जागरण, वाराणसी। घुंघरुओं की झंकार जब साधना का रूप ले लेती है, तो वह केवल मंच की शोभा नहीं बढ़ाती, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन जाती है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य की इसी समृद्ध और गौरवशाली परंपरा को देश की सीमाओं से पार ले जाकर वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने वाली कथक नृत्यांगना डा. रुक्मिणी जायसवाल आज की युवा पीढ़ी को कला के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प में जुटी हैं।

आधुनिक तकनीक और डिजिटल युग में जीने वाली 'जेन जी' में शास्त्रीय कला और कौशल के निखार के लिए वे न केवल उन्हें प्रेरित कर रही हैं, बल्कि नियमित कार्यशालाओं और आनलाइन कक्षाओं के जरिए उनका निरंतर मार्गदर्शन भी कर रही हैं। वर्तमान में वो काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के महिला महाविद्यालय में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर कार्यरत हैं, जहां लगभग 150 छात्राओं को कथक नृत्य की बारीकियां सिखा उन्हें कला जगत में मुकाम बनाने के लिए तैयार कर रही हैं।

डा. रुक्मिणी जायसवाल ने अपनी कला यात्रा की शुरूआत करते हुए कथक की बारीकियां लखनऊ घराने की प्रख्यात गुरु व भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय, लखनऊ की डीन डा. कुमकुम धर के सानिध्य में पवित्र गुरु-शिष्य परंपरा के तहत सीखीं और यहीं से कथक नृत्य में पीएचडी की उपाधि हासिल की। कला के प्रति उनके गहरे समर्पण की झलक उनकी उच्च शैक्षणिक योग्यताओं में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

उन्होंने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से कथक नृत्य में एमए तथा भातखंडे संगीत विद्यापीठ, लखनऊ से ''विशारद'' की डिग्री प्राप्त की। भारतीय संस्कृति, सभ्यता और इतिहास की गहरी समझ विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राचीन भारतीय इतिहास में बीए और एमए की उपाधि भी अर्जित की, जो उनकी नृत्य प्रस्तुतियों को एक बौद्धिक और ऐतिहासिक गहराई प्रदान करती है।

अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से देश के लगभग सभी प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंचों पर सराहना बटोरी। दिल्ली कथक महोत्सव, स्त्री कथक महोत्सव, गुरु-दक्षिणा सीरीज, भावनगर का भारतीय शास्त्रीय नृत्य महोत्सव, लखनऊ की नृत्य परंपरा, मुंबई का नृत्योत्सव, लखनऊ महोत्सव और कुरुक्षेत्र का गीता महोत्सव उनकी यादगार प्रस्तुतियों के साक्षी रहे हैं। विदेशी धरती पर भी उन्होंने भारतीय संस्कृति की पताका शान से लहराई है।

इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित जवाहरलाल नेहरू भारतीय सांस्कृतिक केंद्र (आईसीसीआर) में 'शिक्षक सह कलाकार' के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने भारतीय शास्त्रीय नृत्य को लोकप्रिय बनाया। जकार्ता में आयोजित ''स्लाइस आफ इंडिया'' और ''क्रास कंट्री कल्चर प्रोग्राम'' जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में उनकी प्रस्तुतियां सराही गई। इसके अलावा मेक्सिको, ग्वाटेमाला, बेलीज, बोरोबुदुर और बाली जैसे वैश्विक स्थलों पर भी उन्होंने अपने नृत्य से भारत का गौरव बढ़ाया है।

कलाकार होने के साथ ही शिक्षण और टेलीविजन के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय में कथक प्रशिक्षक रहने और रिलायंस स्कूल, वड़ोदरा में नई पीढ़ी को तराशने के अलावा वे भातखंडे संगीत विद्यापीठ व अखिल भारतीय गांधर्व महाविद्यालय की परीक्षक के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रही हैं।

प्रतिष्ठित पत्रिका ''कला-वसुधा'' में कथक नृत्य पर उनके शोधपरक लेख भी प्रकाशित हो चुके हैं। वो कहती है कि शास्त्रीय कला नई पीढ़ी के लिए न केवल संस्कार, बल्कि स्वावलंबन का भी सबसे सशक्त माध्यम बन सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।