भाजपा सरकार में ब्राह्मणों का हो रहा उत्पीड़न, सोनभद्र में बोले बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्र
ब्राह्मण समाज को इसके लिए एकजुट होने की जरूरत है। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने बुधवार को सोनभद्र के राबर्ट्सगंज रामलीला मैदान में आयोजित प्रबुद्ध विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। भाजपा सरकार में ब्राहमणों का उत्पीड़न हो रहा है, वहीं उनके स्वाभिमान को भी झकझोरने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में समाज के लोगों की हत्याएं और एनकाउंटर कराया जा रहा है। ब्राह्मण समाज को इसके लिए एकजुट होने की जरूरत है। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने बुधवार को राबर्ट्सगंज रामलीला मैदान में आयोजित प्रबुद्ध विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।
इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन करने से मुझे रोकने की कोशिश की गई और इस पर सवाल भी उठाए गए। उन्होंने कहा कि हम ब्राह्मणों को दर्शन पूजन के संस्कार जन्म से दिए जाते हैं यह हमें कोई न सिखाएं। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर वोट लेने वालों ने कभी समाज के लोगों की फिक्र नहीं की। कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में समाज के लोगों की हत्याएं और एनकाउंटर कराए जा रहे हैं, इसके खिलाफ ब्राह्मण समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। बसपा को ब्राह्मण हितैषी बताते हुए उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में ना सिर्फ समाज को बड़ी जिम्मेदारी मिली बल्कि बसपा प्रमुख मायावती ने समाज से किया हर वादा भी पूरा किया। उन्होंने बढ़ती महंगाई और अपराध के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने सपा और भाजपा को एक चेहरा बताते हुए कहा कि वोट के बाद सपा और भाजपा ब्राह्मणों को दरकिनार कर देती हैं।
सपा और भाजपा दोनों सिर्फ और सिर्फ ब्राह्मणों के वोट की राजनीति करती है, जबकि ब्राह्मण समाज का इन दोनों दलों में शोषण किया जाता है। जब प्रदेश में सपा व भाजपा की सरकार बनी थी तो ब्राम्हण शून्य पर आ गए थे। प्रदेश में बसपा की सरकार बनी ब्राह्मणों को सम्मान मिला अब फिर से समय आ गया जब दलित, अल्पसंख्यक व ब्राम्हण मिलकर बसपा की सरकार बनाएंगे। कहा कि आने वाले 2022 के चुनाव में ब्राह्मण समाज के लोग मिलकर मायावती की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। अध्यक्षता पूर्व ब्लाक प्रमुख कमलाकांत पांडेय व आयोजन अशोक चौबे ने किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री नकुल दुबे, अरुण कुमार दुबे, गंगाधर दुबे, राम शिरोमणि शुक्ला, पूर्व विधायक सत्यनारायण जैसल, अमरेंद्र बहादुर, नरेंद्र कुशवाहा, जिलाध्यक्ष कमलेश गोंड, अविनाश शुक्ला, राकेश उपाध्याय, नंदलाल पांडेय, बी सागर, पन्नालाल, बलवंत रंगीला, अभिषेक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।