बांस के चारकोल से जमीन बनी उर्वरा, प्रति वर्ग मीटर 95 ग्राम ज्यादा चावल उत्पादन
शहरीकरण से घटती कृषि भूमि के बीच वाराणसी में बांस के चारकोल से खेती का पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा है। इससे धान की पैदावार में प्रति वर्ग मीटर 95 ग्राम की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ी है।

जापानी संस्था ने मुस्तफाबाद, चांदपुर, रमना में शुरू किया पायलट प्रोजेक्ट।
HighLights
बांस के चारकोल से खेती का पायलट प्रोजेक्ट सफल।
धान की पैदावार में प्रति वर्ग मीटर 95 ग्राम वृद्धि।
ओइस्का और जेआईसीए ने वाराणसी में किया यह प्रयोग।
राघवेन्द्र शुक्ल, जागरण, वाराणसी। शहरीकरण की वजह से खेती की जमीनें कम होती जा रही है। इसका सीधा असर अनाज उत्पादन पर पड़ रहा है। इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार की पहल पर जापानी संस्था आइओएससीए (आर्गनाइजेशन फार इंडस्ट्रियल, स्पिरिचुअल एंड कल्चरल एडवांसमेंट) ने जेआइसीए (जापान इंटरनेशनल कारपोरेशन एजेंसी) के साथ मिलकर काशी के रमना, मुस्तफाबाद और चांदपुर में बास से चारकोल बनाने तथा इसके मदद से खेती करने का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया।
जमीन की उर्वरा शक्ति और उत्पादन दोनों बढ़ा है। खरीफ-2025 में मुस्तफाबाद व चांदपुर में 21.79 बिस्वा (2325 वर्ग मीटर) में सामान्य तरीके व चारकोल के उपयोग से अलग-अलग खेती हुई। फसल कटी तो अंतर भी दिखा। बिना चारकोल वाले खेत से 1151 जबकि चारकोल के खेत से 1373 किग्रा चावल निकला। यानी 222 किग्रा अधिक उत्पादन हुआ। प्रति वर्ग मीटर 95 ग्राम ज्यादा चावल निकला।
गंगा के तटीय क्षेत्रों में वन आधारित गंगा अनुकूल आजीविका परियोजना के तहत ओइस्का व जेआइसीए ने उप्र वन विभाग के साथ मिलकर रमना, मुस्तफाबाद एवं चांदपुर का चयन कर पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया। एक अक्टूबर 2027 तक चलने वाले इस प्रोजेक्ट में 200 किसान जुड़े हैं। कार्यक्रम प्रबंधक रनजीत सिंह चौहान के अनुसार ओइस्का उत्तर भारत की निदेशक रितु प्रसाद के निर्देशन में पहले किसानों को जापान ले जाया गया फिर वहां से आकर जापान की टीम के साथ गांव में कार्य हुए।
इन गांवों में भट्ठी बनाकर चारकोल बनाया गया। चार से पांच ग्राम वजन में चारकोल के टुकडे खेतों में डाले गए। खरीफ 2025 में मुस्तफाबाद के किसान बबलू प्रजापति, मुन्नू माली, धर्मेंद्र प्रजापति, मनोज साहनी तथा चांदपुर के मुकेश सिंह, प्रभात रंजन, संजय यादव व त्रिभुवन पटेल ने कुल 21.79- 21.79 बिस्वा के दो खेतों में धान की फसल बोई। दोनों खेतों के अन्न उत्पादन अलग-अलग थे।चारकोल के खेत में डीएपी न ही कीटनाशक का प्रयोग हुआ।
ऐसे बनाते हैं चारकोल
गुंबद नुमा भट्ठी बनाकर चार-चार फुट के बांस के टुकड़े डालते हैं। 12 से 13 दिन तक पकता है। भट्ठी के अंदर का तापमान 800 से 1300 डिग्री सेल्सियस तक बना रहता है। आक्सीजन को अंदर जाने से रोका जाता है। 12-13 दिन बाद भट्ठी खोलकर चारकोल (कोयला) निकाला जाता है।
जापान में किसानों ने देखी थी उन्नतशील खेती
जून-2026 में नौ किसान अशोक पटेल, आशीष कुमार पटेल, संजय कुमार पटेल, स्वामी सिंह, आशीष सिंह, धर्मेंद्र्र, विजय कुमार साहनी, आदर्श सोनकर, संजय सोनकर टोक्यो गए। यहां से यामानाशी प्रांत में वन संरक्षण, आइची, यामानाशी, टोयोटा शहर में बिना जुताई, बिना कीटनाशक और बिना रासायनिक खाद के सूक्ष्मजीवों की शक्ति से होने वाली प्राकृतिक खेती को देखा। बिना बिचौलियों की मदद से यामानो सुपर मार्केट में खुद का ब्रांड बनाकर बिक्री को देखा। मिनोबू में बांस चारकोल से खेती के गुर सीखे। कीट प्रकोप से 2002 में नष्ट हुए सेकाई नो मोरी विश्व वन में फिर से 40,000 पौधे लगाकर बनाए नवीन जंगल को भी देखा।
परियोजना का उद्देश्य किसानों के आजीविका में सुधार लाना है। रासायनिक खादों पर निर्भरता कम कर कृषि में लागत मूल्य को घटाना व उत्पादन बढ़ाना है। प्रोजेक्ट खत्म होने के बाद रमना गांव से समन्वयक किसान अशोक पटेल, मुस्तफाबाद में आशीष सिंह व चांदपुर में आदर्श सोनकर अपने निर्देशन में अन्य किसानों को तरकीब बताकर खेती कराएंगे।
वेंकटेश्वर नाथ सिंह, अध्यक्ष ओइस्का वाराणसी चैप्टर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।