छत पर Organic सब्जियों की खेती से फैली हरियाली, मुनाफा के साथ सेहत रहेगी तंदुरूस्त
इंसान कुछ करने का जज्बा रखे तो कोई भी कार्य आसान हो जाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड पांच निवासी लाल बहादुर ने। घर की छत पर हरी मौसमी सब्जियां उगाकर कम लागत में स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।
चंदौली, जेएनएन। इंसान कुछ करने का जज्बा रखे तो कोई भी कार्य आसान हो जाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड पांच निवासी लाल बहादुर ने। घर की छत पर हरी मौसमी सब्जियां उगाकर कम लागत में स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। अहम यह कि सब्जी की खेती पूरी तरह आर्गेनिक है। पालक, लहसुन, हरी मिर्च, फूल गोभी, शिमला मिर्च, मूली, बैगन, गाजर, चुकंदर, धनिया, करेला, बोड़ा व नेनुआ आदि सब्जी की हरियाली से छत गुलजार है।
लाल बहादुर ने बताया कि सब्जियों की बढ़ती महंगाई से निजात पाने के लिए ताजी व आर्गेनिक सब्जियां नहीं मिलने पर अपनी छत पर ही सब्जी उगाने का निर्णय लिया। इसमें उन्हें सफलता भी मिली। साथ ही दूसरे लोगों को भी प्रेरित कर रहे है। छत पर दो सेक्शन में सब्जियां लगाई गई है। एक तरफ थर्माकोल बाक्स में तो दूसरे तरफ सब्जियां लगाने से पहले छत पर एक मोटी प्लास्टिक चादर बिछाई गई है,ताकि घर में सीलन न आए। ईंटों व लकड़ी के पट्टियों से चहारदीवारी बनाकर समान रूप से मिट्टी बिछा दी गई। पानी की निकासी भी व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा कुछ सब्जियां गमले में भी लगाई गई हैं। आर्गेनिक सब्जियां उगाने में छोटे भाई राम, भांजे अमित, अमन व राजेश का भरपूर साथ मिलता है।
पौधों की वृद्धि को खाद्य कीचेन से वेस्ट मैटेरियल
सब्जियों के पौधों की वृद्धि के लिए खाद्य कीचेन से वेस्ट मैटेरियल जैसे सब्जी व फल के छिलके को एक डिब्बे में पानी मिलाकर रख दिया जाता है। कुछ दिनों बाद वो जैविक खाद बन जाता है। जिसका छिड़काव सब्जियों के जड़ों में किया जाता। इसके बाद सब्जियों की वृद्धि देखने लायक रहती है।
उपलब्ध होगा शुद्ध भोजन, खत्म होगी बेरोजगारी
रामा यूनिवर्सिटी के पर्यावरण के सहायक प्रोफेसर डा. विजय कुमार ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ के सन 2030 तक संपोसी सतत विकास के अंतर्गत 17 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इसमें मुख्य रूप से वैश्विक स्तर पर लोगों को भुखमरी से बचाना, शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाना, बेरोजगारी खत्म करना, गरीबी हटाना महत्वपूर्ण है। सभी को भोजन उपलब्ध कराने को छत पर सब्जियां उगाने की पद्धति सार्थक एवं उपयोगी साबित होगी।