गंगा स्नान के साथ छठ महापर्व शुरू, महिलाओं ने सिंंदूर लगाकर निभाई परंपरा
लोक आस्था का महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ वाराणसी में शुरू हो गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने गंगा ...और पढ़ें

वाराणसी में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, गंगा घाटों पर स्वच्छता अभियान।
HighLights
नहाय-खाय के साथ वाराणसी में छठ महापर्व का हुआ शुभारंभ।
महिलाएं पुत्र, सुख-समृद्धि और आरोग्य के लिए रखती हैं निर्जला व्रत।
घाटों पर स्वच्छता अभियान चला, प्लास्टिक मुक्त छठ की अपील।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व डाला छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। इसके पूर्व श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और शाम को लौकी-चावल और चने की दाल ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का प्रतीक है।
शनिवार को खरना, रविवार को डूबते सूर्य को प्रथम अर्घ्य और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा। पुत्र, सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना से महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं। घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
लोक आस्था के महापर्व डाला छठ से पूर्व शुक्रवार को गंगा घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम और नमामि गंगे की ओर से दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और मानमंदिर घाट पर सिल्ट से पॉलिथीन व अन्य कचरे को श्रमदान कर बाहर निकाला गया। 'आस्था तभी सच्ची, जब उसमें स्वच्छता का भाव’ के संदेश के साथ श्रद्धालुओं से ‘प्लास्टिक मुक्त छठ’ मनाने की अपील की गई।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि छठ स्वच्छता, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। हम अनजाने में सिंगल यूज पॉलिथीन से गंगा को प्रदूषित कर रहे हैं। इस बार संकल्प लें कि पूजा सामग्री, फल-सब्जी खरीदने घर से कपड़े या जूट का थैला लेकर निकलें।
दुकानदार पॉलिथीन दे तो विनम्रता से मना करें। उन्होंने बांस के सूप, दउरा और मिट्टी के दीये के उपयोग को बढ़ावा देने और पूजा के बाद कचरा नदी में न प्रवाहित करने की अपील की। कहा- ‘पर्यावरण की रक्षा ही छठी मैया की सच्ची सेवा है।’ अभियान में सुपरवाइजर कामेश्वर सेठ, रिंकू वर्मा, दिनेश, सुनील, गोपाल सहित अन्य शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।