वाराणसी में चेन लूटने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
वाराणसी में 17 जुलाई को चेन लूटने वाले गोरखपुर के दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
-1761109461992_v-1786981021588_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
लालपुर में 17 जुलाई को हुई चेन लूट के आरोपी।
रिंग रोड पर पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी।
गोरखपुर के दोनों बदमाशों से हथियार, नकदी और चेन बरामद।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लालपुर में 17 जुलाई को एक महिला से सोने की चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को रविवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वाहन चेकिंग के दौरान रिंग रोड पर लगे बैरिकेडिंग को तोड़कर बाइक सवार बदमाश भगे। ओवरब्रिज के पास इन्होंने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
जवाबी फायरिंग में एक के पैर में गोली लगी। दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो तमंचे, नकदी और सोने की चेन भी बरामद हुई है। दोनों गोरखपुर के रहने वाले हैं और इन पर कई जनपदों में लूट सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन ने बताया कि 17 जुलाई की शाम साढ़े सात बजे लालपुर में एक बुजुर्ग महिला से पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूटा था। लालपुर थाना में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में टीम लगाई थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा अन्य जनपदों से जानकारी लेकर बदमाशों की पहचान हुई और इनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी थी।
इसी बीच बदमाशों के फिर वाराणसी में आकर घटना करने की जानकारी मिली। रविवार की रात में ही लालपुर थाना की पुलिस ने बैरिकेट लगा दिया था। रात 11.30 बजे के करीब रिंग रोड पर वाहन चेकिंग पुलिस टीम जुट गई। इसी दौरान पल्सर बाइक से दो युवक शहर की तरफ आते दिखे।
बैरिकेडिंग को तोड़कर वह आगे भागे। टीम ने आगे व पीछे दोनों तरफ से घेराबंदी कर उन्हें घेर लिया। ओवरब्रिज के पास एक बदमाश ने फायरिंग कर दिया। जवाबी फायरिंग में प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक (21) निवासी चिउटहा, थाना चिउराताल, जनपद गोरखपुर को पैर में गोली लगी।
प्रतीक को गिरफ्तार कर हरहुआ अस्पताल भेजा जबकि दूसरे बदमाश वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी (30) निवासी बुद्ध विहार तारामंडल, थाना रामगढ़ताल, जनपद गोरखपुर को भी पकड़ लिया। बदमाशों के पास से 315 बोर का दो तमंचा, दो कारतूस, 75 हजार रुपया, दो मोबाइल फोन, पल्सर बाइक और चेन बरामद किया।
गाजीपुर व मऊ में भी कई वारदात
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ में दोनों बदमाशों ने बताया कि उन्होंने गाजीपुर और मऊ जनपद में भी कई घटनाओं को अंजाम दिया है। दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है।
