वाराणसी में बदमाशों ने असलहे के बल पर एसडीओ की पत्नी का चेन छीना, लूट की घटना सीसीटीवी में कैद
राजेंद्र विहार कॉलोनी के रहने वाले सिंचाई विभाग के एसडीओ कमलेश प्रधान की पत्नी सावित्री प्रधान का बुधवार की सुबह बदमाशों ने असलहे के बल पर सोने की चेन छीन लिया।
वाराणसी, जेएनएन। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर चौकी अंर्तगत राजेंद्र विहार कॉलोनी के रहने वाले सिंचाई विभाग के एसडीओ कमलेश प्रधान की पत्नी सावित्री प्रधान का बुधवार की सुबह बदमाशों ने असलहे के बल पर सोने की चेन छीन लिया। घटना के बाद कुछ महिलाएं आगे बढ़ीं लेकिन असलहे के डर से सहम गयीं। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के दर्जन भर सीसीटीवी की जांच कर रही है।
लेन संख्या पांच में रहनेवाली सावित्री सुबह दूध लेकर पैदल घर वापस लौट रही थीं और घर से चंद कदम पहले पैशन बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने रोका और असलहा सटाकर गले से चेन खींच लिया।घटना को देखकर चार पांच महिलाएं आगे बढ़ीं लेकिन असलहा देखकर सहम गयीं। वारदात के बाद बदमाश नेवादा के मुख्य मार्ग की तरफ असलहा लहराते हुए भाग निकले। घटना की सूचना पीड़िता ने अपने पति को दी जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली। लूट की सूचना पर सीओ भेलूपुर सुधीर जयसवाल, इंस्पेक्टर लंका भारत भूषण तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
वहीं वारदात के बाद पुलिस आसपास के करीब एक दर्जन सीसीटीवी से जांच कर रही है। पीड़ित महिला के अनुसार चेन की कीमत करीब एक लाख रुपये है। कालोनी के लोगों ने बताया कि चेन लूट की अक्सर घटनायें होती रहती हैं और और यहां से कुछ दूरी पर ही दो महीने पहले बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रोफेसर एम.के. सिंह की पत्नी का भी घर के बाहर से चेन छिनैती हुआ था, हालांकि उसे पुलिस ने बरामद कर लिया। वहीं लूट की इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की पूरी गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हैं।