विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जय शाह के दौरे के बाद गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की तैयारी तेज

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:00 PM (IST)

जय शाह के दौरे के बाद राजातालाब के गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की तैयारी तेज हो गई है।  

गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम। जागरण

गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम। जागरण

HighLights

  1. जय शाह के दौरे के बाद गंजारी स्टेडियम में सोलर प्लांट पर तेजी।

  2. स्टेडियम में 200 से 500 किलोवाट क्षमता का प्लांट लगेगा।

  3. सौर ऊर्जा से बिजली खर्च घटेगा, अतिरिक्त बिजली ग्रिड को मिलेगी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। राजातालाब के गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सौर ऊर्जा से बिजली का खर्च घटाने की तैयारी तेज हो गई है। स्टेडियम में सोलर प्लांट लगाने की योजना पहले से थी लेकिन बुधवार को आइसीसी चेयरमैन जय शाह के दौरे के बाद इस दिशा में तेजी आई है।

प्लांट की क्षमता 200 से 500 किलोवाट के बीच रखने पर विचार चल रहा है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के अधिकारियों के बीच मंथन हो रहा है।

तकनीकी टीम स्टेडियम में बिजली की खपत और उपलब्ध स्थान का आकलन करेगी। इसके बाद प्लांट की वास्तविक क्षमता तय होगी।स्टेडियम में छह फ्लडलाइट टावर हैं। प्रत्येक टावर पर 95 लाइटें लगी हैं और हर लाइट की क्षमता 1.5 किलोवाट है। इस तरह 570 लाइटों का अधिकतम विद्युत भार 855 किलोवाट है।

सभी लाइटें एक साथ पूरी क्षमता पर तीन घंटे जलें तो करीब 2565 यूनिट बिजली खर्च होगी। इसके अलावा पवेलियन, ड्रेसिंग रूम, प्रसारण केंद्र, जिम और अन्य सुविधाओं के संचालन में भी बिजली की खपत होगी। ऐसे में सोलर प्लांट से बनने वाली बिजली स्टेडियम की कुल जरूरत का एक हिस्सा पूरा करने में मददगार होगी।

सौर उर्जा से जगमग हो रहे देश के अन्य स्टेडियम

देश के दूसरे क्रिकेट स्टेडियमों में भी सौर ऊर्जा का इस्तेमाल हो रहा है। मुंबई के क्रिकेट क्लब आफ इंडिया यानी ब्रेबोर्न स्टेडियम में 820.8 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगा है। इससे सालाना करीब 11.2 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होता है और बिजली खर्च में 25 प्रतिशत से अधिक बचत का अनुमान है। तो वही बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 400 किलोवाट की क्षमता और नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में 50 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगा है।

सामान्य दिनों में ग्रिड को मिलेगी अतिरिक्त बिजली

आयोजन के दिनों में सोलर प्लांट से बनने वाली बिजली का उपयोग स्टेडियम में होगा। सामान्य दिनों में खपत कम रहने पर बची हुई बिजली ग्रिड में भेजी जा सकेगी। इससे अतिरिक्त बिजली का उपयोग होगा और ग्रिड से ली जाने वाली बिजली का खर्च समायोजित करने में मदद मिलेगी।

गंजारी स्टेडियम: बिजली और सौर ऊर्जा

फ्लडलाइट टावर - 6
कुल फ्लडलाइटें - 570
एक लाइट की क्षमता - 1.5 किलोवाट
फ्लडलाइटों का अधिकतम भार - 855 किलोवाट
तीन घंटे में खपत - 2565 यूनिट
प्रस्तावित सोलर क्षमता - 200 से 500 किलोवाटअतिरिक्त बिजली - ग्रिड में भेजने की व्यवस्था

दूसरे स्टेडियमों में सोलर संयंत्र की क्षमता

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु - 400 किलोवाट
क्रिकेट क्लब आफ इंडिया, मुंबई - 820.8 किलोवाट
नरेन्द्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद - 50 किलोवाट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।