मिट्टी के अखाड़े से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं प्रीति पटेल, कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान
वाराणसी की प्रीति पटेल ने कजाकिस्तान में आयोजित वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया ...और पढ़ें

वाराणसी की प्रीति पटेल ने वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।
HighLights
प्रीति पटेल ने कजाकिस्तान में कुराश चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।
वह कुराश में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।
वाराणसी की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया।
जागरण संवाददाता, (लोहता) वाराणसी। कजाकिस्तान में आयोजित पांच दिवसीय वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप प्रतियोगिता में वाराणसी की बेटी प्रीति पटेल ने कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और अपने गांव का नाम रोशन किया है। मिट्टी के अखाड़े से शुरू हुआ उनका सफर अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच गया है। प्रीति आराजी लाइन विकासखंड के सजोई स्थित अखाड़े में अभ्यास कर प्रतियोगिता की तैयारी करती हैं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। बुधवार को प्रीति के गांव लौटने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचकर फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद स्वागत जुलूस चांदपुर, लोहता, कोरौता और अकेलवा होते हुए सजोई स्थित अखाड़े पर पहुंचा। यहां गांव की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रीति का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर उनके कोच अजीत पाल ने कहा कि प्रीति पटेल ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कुराश में यह पदक हासिल कर सजोई, बनारस, उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस मौके पर प्रमुख रूप से ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉक्टर राजेश पटेल, निरंजन राजभर, योगेश सिंह बबलु राजभर अधिवक्ता अरविंद पटेल, वीरेंद्र पटेल,राजू पटेल, रोशन पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। प्रिती के बाप संतोष पटेल की मृत्यु एक साल पहले हो ग ई है। मांता सरिता पटेल गांव के पास मथुरापुर भरथरा के पास सब्जी की दुकान लगाती है। तीन बहन एक भाई है।