अक्टूबर से दिसंबर तक देश-विदेश के खिलाड़ी काशी में दिखाएंगे जलवा, खाड़ी के सात देशों के खिलाड़ी भी होंगे शामिल
वाराणसी में खेल सुविधाओं का विकास भी तेजी से हो रहा है। इसी कारण सीबीएसई इस वर्ष अक्टूबर से दिसंबर तक यहां पर कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने जा रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। वाराणसी धीरे-धीरे स्पोट्र्स हब बनता जा रहा है। यहां पर खेल सुविधाओं का विकास भी तेजी से हो रहा है। इसी कारण सीबीएसई इस वर्ष अक्टूबर से दिसंबर तक यहां पर कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने जा रहा है। वहीं एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी (एआइयू) ने भी बीएचयू और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ को कई खेल आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी है। उत्तर प्रदेश का खेल निदेशालय भी यहां पर अखिल भारतीय मोहम्मद शाहिद हॉकी प्रतियोगिता आयोजित करेगा।
बास्केटबॉल के अंतरराष्ट्रीय कोच विभोर भृगुवंशी ने बताया कि 10 से 14 अक्टूबर तक सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल सिसवां में सीबीएसई की क्लस्टर फाइव की बास्केटबॉल प्रतियोगिता होगी। इसमें कई राज्यों की लगभग 80 महिला-पुरुष स्कूली टीमें हिस्सा लेंगी। यह प्रतियोगिता 30 निर्णायकों की देखरेख में होगी। वही 14 से 19 नवंबर तक डालिम्स रोहनियां के तत्वावधान में नेशनल हॉकी और तीन से सात दिसंबर तक सनबीम लहरतारा में नेशनल हॉकी प्रतियोगिता होगी। इनमें खाड़ी के सात देशों की टीमें भी हिस्सा लेती है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव डा. संतोष कुमार को तीन खेलों की पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता और दो खेलों की अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है।