विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों से लेकर मिठाई, झालर और उपहारों की दुकानों पर बढ़ी रौनक

By Prakash PandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 04 Nov 2026 04:07 PM (IST)

काशी में धनतेरस और दीपावली से पहले बाजारों में रौनक बढ़ गई है। लोग गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, मिठाइयों, झालरों और ...और पढ़ें

काशी के बाजारों में धनतेरस और दीपावली की धूम, गणेश-लक्ष्मी मूर्तियों से लेकर मिठाइयों तक की खरीदारी जोरों पर।

काशी के बाजारों में धनतेरस और दीपावली की धूम, गणेश-लक्ष्मी मूर्तियों से लेकर मिठाइयों तक की खरीदारी जोरों पर।

HighLights

  1. गणेश-लक्ष्मी मूर्तियों, झालरों और मिठाइयों की खरीदारी तेज।

  2. धनतेरस और दीपावली के लिए बाजारों में भारी चहल-पहल।

  3. घरौंदे के खिलौने और पटाखों की भी हो रही बिक्री।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी में त्योहारों का रंग चढ़ने लगा है। बाजारों में सुबह से शाम तक चहल-पहल है। कहीं कोई गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति पसंद कर रहा है तो कहीं घर सजाने के लिए झालर और रंग-बिरंगी लाइट देख रहा है। मिठाई की दुकानों पर काजू कतली और पेड़े की खुशबू है तो बर्तन की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है।

त्योहार सबका है, बस खरीदारी का अंदाज अपने-अपने बजट का। कोई महंगे उपहार और मिठाइयां खरीद रहा है तो कोई जरूरत के हिसाब से छोटे-छोटे सामान जुटा रहा है। धनतेरस पर कोई नई लग्जरी कार लेने की तैयारी में है तो कोई बर्तन खरीदकर परंपरा निभाने की। कुल मिलाकर धनतेरस और दीपावली की तैयारियों ने शहर के बाजारों को गुलजार कर दिया है।

 

गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों से सजीं दुकानें
दीपावली पर घरों में पूजन के लिए गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की खरीदारी शुरू हो गई है। दुकानों पर मिट्टी, पीतल और दूसरी धातुओं की मूर्तियां सजी हैं। कहीं पारंपरिक रूप वाली प्रतिमाएं हैं तो कहीं रंग-बिरंगी और सजावटी मूर्तियां ग्राहकों को लुभा रही हैं। इनके साथ पूजा की थाली, दीपक, धूपबत्ती और दूसरी पूजन सामग्री भी रखी गई है।

घरौंदे के लिए मिट्टी के खिलौने
दीपावली पर घरौंदा बनाने और उसे सजाने की पुरानी परंपरा आज भी बच्चों को खूब भाती है। बाजार में घरौंदे के लिए मिट्टी के छोटे-छोटे खिलौने और बर्तन बिकने लगे हैं। मिट्टी के हाथी, घोड़े, चूल्हे, कलश और छोटे बर्तन बच्चों को आकर्षित कर रहे हैं। घरौंदा सजाने के लिए बच्चे अपने अभिभावकों के साथ बाजार पहुंच रहे हैं।

झालरों से जगमगाएंगे घर-आंगन
दीपावली पर घर को रोशन करने के लिए झालरों की दुकानें भी सज गई हैं। रंग बदलने वाली एलईडी लाइट, पर्दे जैसी झालर, लटकन वाली लाइट, सितारा झालर और छोटे सजावटी बल्ब बाजार में उपलब्ध हैं। कोई छत और बालकनी सजाने के लिए लाइट देख रहा है तो कोई दरवाजे और पूजा स्थल के लिए।

फुलझड़ी-अनार की भी होने लगी खरीदारी
दीपावली से पहले पटाखों की दुकानों पर भी रौनक दिखने लगी है। फुलझड़ी, अनार और चकरी जैसे पटाखों की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। बच्चे अपनी पसंद बता रहे हैं तो बड़े बजट के हिसाब से सामान देख रहे हैं। ग्रीन पटाखों को लेकर भी ग्राहक दुकानदारों से जानकारी ले रहे हैं।

झुमके और चूड़ियों की भी मांग
त्योहार पर नए कपड़ों के साथ सजने-संवरने की तैयारी भी चल रही है। बाजार में रंग-बिरंगे झुमके, चूड़ियां, कंगन, नेकलेस और फैशन आभूषण दुकानों पर सजाए गए हैं। पारंपरिक डिजाइन के साथ हल्के और नए अंदाज वाले गहने भी पसंद किए जा रहे हैं।

मिठाई और उपहारों से महकेंगी खुशियां
दीपावली पर अपनों का मुंह मीठा कराने और उपहार देने की तैयारी भी शुरू हो गई है। मिठाई की दुकानों पर काजू कतली, पेड़ा, लड्डू और दूसरी मिठाइयां सजने लगी हैं। ड्राई फ्रूट के डिब्बे और आकर्षक गिफ्ट पैक भी ग्राहकों को लुभा रहे हैं। कोई महंगे उपहार चुन रहा है तो कोई अपने बजट के हिसाब से मिठाई का डिब्बा खरीद रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।