विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी नगर निगम से शिलान्यास, अब उसी गली के लिए विधायक निधि से दोबारा न‍िर्माण, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 04:39 PM (IST)

वाराणसी के दनियालपुर वार्ड में एक ही 300 मीटर लंबी गली के निर्माण के लिए नगर निगम और विधायक निधि से दो बार शिलान्यास और फंड आवंटन पर विवाद खड़ा हो गया है। महानगर कांग्रेस कमेटी ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और ऑडिट की मांग की है।

वाराणसी में एक ही गली के निर्माण पर दोहरा फंड आवंटन, कांग्रेस ने उठाये गंभीर सवाल।

वाराणसी में एक ही गली के निर्माण पर दोहरा फंड आवंटन, कांग्रेस ने उठाये गंभीर सवाल।

HighLights

  1. दनियालपुर वार्ड में एक गली के निर्माण पर विवाद।

  2. नगर निगम और विधायक निधि से दो बार फंड स्वीकृत।

  3. कांग्रेस ने उच्चस्तरीय जांच और ऑडिट की मांग की।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी के शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दनियालपुर वार्ड में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के उपयोग और योजनाओं के दोहरेपन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक ही 300 मीटर लंबी गली के निर्माण को लेकर पहले नगर निगम द्वारा शिलान्यास किए जाने और महज तीन माह बाद विधायक निधि से दोबारा धनराशि स्वीकृत कर नया शिलापट्ट लगाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। महानगर कांग्रेस कमेटी ने इस पूरे प्रकरण पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

दनियालपुर वार्ड की एक 300 मीटर लंबी गली के निर्माण के लिए लगभग तीन महीने पहले वाराणसी नगर निगम की ओर से शिलान्यास कराया गया था। उस दौरान लगाए गए शिलापट्ट पर नगर निगम के साथ महापौर, संबंधित पार्षद और क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल का नाम भी अंकित था। तब इस कार्य की अनुमानित लागत 17.88 लाख रुपये बताई गई थी।

आरोप है कि शिलान्यास के करीब तीन महीने बाद ही उसी 300 मीटर की गली के निर्माण के लिए विधायक निधि से त्वरित आर्थिक विकास योजना (वर्ष 2025-26) के तहत 21.33 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई। इसके साथ ही मौके पर पहले से लगे नगर निगम के शिलापट्ट को हटाकर नया शिलापट्ट लगा दिया गया। दोनों योजनाओं की स्वीकृत लागतों के बीच 3.45 लाख रुपये का अंतर बताया जा रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

इस मामले पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दनियालपुर की यह गली सरकारी धन के उपयोग और योजनाओं पर श्रेय लेने की होड़ का उदाहरण बन गई है। राघवेंद्र चौबे ने सवाल उठाया कि जब तीन महीने पहले ही नगर निगम के माध्यम से कार्य का शिलान्यास हो चुका था और उस शिलापट्ट पर स्वयं क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री रविंद्र जायसवाल का नाम भी दर्ज था, तो फिर उसी गली के लिए दोबारा धन स्वीकृत कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी।

कांग्रेस ने पूछा कि आखिर तीन महीनों के भीतर ऐसा क्या बदलाव आया कि नगर निगम की योजना से प्रस्तावित कार्य को विधायक निधि से कराने की जरूरत महसूस हुई। उन्होंने यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि क्या पहले की 17.88 लाख रुपये वाली योजना निरस्त कर दी गई थी, क्या उस मद से कोई राशि खर्च हुई और यदि खर्च हुई तो किस कार्य पर खर्च की गई। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव और संभावित आचार संहिता से पहले एक ही कार्य के लिए दोबारा बजट स्वीकृत करना और पुराना बोर्ड हटाकर नया शिलापट्ट लगाना पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगाता है।

महानगर कांग्रेस कमेटी ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस ने मांग की है कि नगर निगम के पूर्व शिलान्यास से जुड़ी स्वीकृति, कार्यादेश, बजट आवंटन, भुगतान और जमीनी स्थिति के साथ-साथ विधायक निधि से स्वीकृत 21.33 लाख रुपये की योजना के अभिलेख, कार्यादेश और भौतिक प्रगति का विवरण सार्वजनिक किया जाए। साथ ही दोनों योजनाओं का तकनीकी व वित्तीय ऑडिट कराकर दोहरे आवंटन या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।