विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटियों की शादी के लिए अब न खेत गिरवी रखने की मजबूरी, न कर्ज का बोझ- टी. राम

By Pravin YadavEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:43 PM (IST)

हरहुआ ब्लॉक, वाराणसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 67 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 66 हिंदू और एक बौद्ध जोड़ा शामिल था। विधायक त्रिभुवन राम ने बताया कि यह योजना गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए खेत गिरवी रखने या कर्ज लेने की मजबूरी से राहत देती है, जिसमें प्रति जोड़ा ₹1 लाख खर्च होता है।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से 67 जोड़े बंधे विवाह बंधन में, गरीब परिवारों को मिली राहत।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से 67 जोड़े बंधे विवाह बंधन में, गरीब परिवारों को मिली राहत।

HighLights

  1. हरहुआ ब्लॉक में 67 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न।

  2. योजना से गरीब परिवारों को शादी में बड़ी राहत।

  3. प्रति जोड़ा ₹1 लाख खर्च, ₹64 हजार सीधे बेटी को।

जागरण संवाददाता, (हरहुआ) वाराणसी। स्थानीय विकास खंड परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कुल 67 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 66 हिंदू और एक बौद्ध धर्म को मानने वाले जोड़े का पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया।

समारोह में हरहुआ ब्लॉक के कोइराजपुर, माधोपुर, पूरबपुर, दासेपुर, राजापुर, कोहासी, नकछेदपुर, आदमपुर, पश्चिमपुर, पुआरीखुर्द, चौका, गहुरा, रैसीपट्टी, भगतूपुर, तेवर, गोसाईपुर मोहाव, हरहुआ, चंदीपट्टी समेत अन्य गावों के वर-वधू शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और विशिष्ट अतिथि के तौर पर राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा आमंत्रित थे, लेकिन दोनों मंत्री नहीं पहुंच सके। वहीं, विशिष्ठ अतिथि के रूप में अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और हरहुआ ब्लॉक प्रमुख विनोद कुमार उपाध्याय 'बब्बू' ने समारोह में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा की और उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि सरकार की इस योजना से गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए गहने या खेत गिरवी रखने की मजबूरी से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब साढ़े पांच लाख जोड़ों का विवाह हो चुका है। सरकार की ओर से प्रति जोड़ा एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें से 64 हजार रुपये सीधे बेटी के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। शेष 36 हजार रुपये की राशि से गृहस्थी का सामान दिया जाता है।

विवाह की रस्में पूरी होने के बाद सभी नवदंपतियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। बीडीओ जयप्रकाश के संयोजन और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष जेपी भारती के संचालन में हुए इस आयोजन में एडीओ समाज कल्याण विभांशु, ग्राम प्रधान सूर्यप्रकाश मौर्य 'भीम', दीपक चौहान, सोनू प्रसाद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।