सासाराम व भभुआ स्टेशन से हो रहा खाद्यान्न का लदान, ट्रकों से भेजा जा रहा अन्य जगहों पर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के सासाराम व भभुआ स्टेशन पर गुड्स शेड में देश के विभिन्न भागों में खाद्यान्न आपूर्ति के लिए मालगाडिय़ों से चावल का लदान कराया गया।
चंदौली, जेएनएन। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के सासाराम व भभुआ स्टेशन पर गुड्स शेड में देश के विभिन्न भागों में खाद्यान्न आपूर्ति के लिए मालगाडिय़ों से चावल का लदान कराया गया। मालगाड़ी से ट्रकों में सामान भरकर विभिन्न जगहों पर भेजा जा रहा। पूरी व्यवस्था की कमान डीआरएम पंकज सक्सेना के जिम्मे है।
14 अप्रैल तक पूरे देश में लाकडाउन होने के कारण खाद्यान्न की आपूर्ति एक चुनौती बनी हुई है। इसी चुनौती को स्वीकार कर मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में मंडल के अधिकारी तथा कर्मचारी दिन रात मेहनत कर देश के विभिन्न हिस्सों में खाद्यान्न की आपूर्ति करने में अपना पूरा योगदान दे रहे। आवश्यक वस्तुएं अनाज, प्याज, नमक आदि के रैक मंडल के सासाराम व भभुआ स्टेशन पर पहुंच रहे हैं। यहां से रैक से सामान उतारकर ट्रकों में लादा जा रहा। इसके बाद ट्रक के जरिए विभिन्न स्थानों पर सामानों की आपूर्ति कराई जा रही है। कार्य कर रहे कर्मचारियों के स्वास्थ्य का भी ख्याल रखा जा रहा। 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए कोयला के 33 रैक धनबाद मंडल भेजे गए। डीआरएम ने बताया कि आवश्यक वस्तुएं की आपूर्ति में बाधा न आए, इस पर ध्यान दिया जा रहा है।