वाराणसी में मंत्री की कड़ाई के बाद फिर बननी शुरू हुई सड़क, नहीं तो अधूरी सड़क दे रही थी दुश्वारी
मंत्री रवींद्र जायसवाल ने वाराणसी में जर्जर सड़क निर्माण की प्रगति पर अभियंता के झूठे दावे का खुलासा किया। मौके ...और पढ़ें

वाराणसी में मंत्री की सख्ती के बाद फिर शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य।
HighLights
मंत्री ने अभियंता के झूठे दावों का मौके पर किया पर्दाफाश।
रुके हुए सड़क निर्माण कार्य को मंत्री ने जिलाधिकारी संग देखा।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद वाराणसी में सड़क निर्माण फिर से शुरू।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पांडेयपुर-आशापुर मुख्य मार्ग से अकथा स्थित गोकुल धाम कालोनी को रास्ता जाता है। क्षेत्रीय विधायक और स्टांप राज्य मंत्री ने शनिवार को बैठक में कार्यदायी संस्था आवास विकास परिषद के अभियंता से जर्जर रास्ते के निर्माण की प्रगति के बारे में पूछा तो जवाब मिला कि काम चल रहा है।
मंत्री ने स्थानीय निवासी एक प्रोफेसर से फोन कर स्पीकर पर बात की तो पता चला कि काम नहीं हो रहा है। इसके बावजूद अभियंता दावा करते रहे कि काम हो रहा है। इसके नाराज मंत्री अपने साथ जिलाधिकारी और अभियंता को लेकर मौके पर पहुंचे। वहां पर काम लंबित था। मंत्री ने जिलाधिकारी को अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद रविवार को विभाग जागा। 20 मजदूर लगाकर कार्य में तेजी लाई।
मुख्य मार्ग से जाने वाली लगभग 400 मीटर सड़क के आरसीसी निर्माण के लिए अवस्थापना निधि से 96 लाख रुपये स्वीकृत हुए। लोगों की मांग पर जर्जर सड़क के निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक और स्टांप राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने इसका शिलान्यास किया था।
सीवर निर्माण, गैस पाइप लाइन आदि कार्य के बाद काम शुरू हुआ। बरसात और विभागीय लापरवाही के कारण काम लंबित रहा। इसी कारण निर्धारित अवधि में परियोजना तैयार न होने पर आवास विकास परिषद के अभियंता व ठेकेदार को फटकार लगाई। कालोनी के लोगों ने सड़क को लेकर शिकायत की थी।