गंगा नदी में थमने लगा उफान, बलिया और गाजीपुर जिले में भी घट रहा जलस्तर Varanasi news
पूर्वांचल में बीते तीन दिनों से लगातार रह रहकर हो रही बारिश के बाद भी गंगा का रुख घटाव की ओर बना हुआ है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में बीते तीन दिनों से लगातार रह रहकर हो रही बारिश के बाद भी गंगा का रुख घटाव की ओर बना हुआ है। नदी में कई दिनों के उफान से हालांकि राहत धीरे धीरे ही मिल रही है, मगर बाढ़ का पानी उतरने से तटवर्ती इलाकों में लोगों को राहत भी मिल रही है। वहीं गंगा में उफान से सहायक नदियों में भी आई बाढ़ थमने लगी है जिससे तटवर्ती इलाकों में लोगों की चिंता खत्म हुई है। हालांकि चिंता की एकमात्र बात यह है कि अब भी शहजादपुर में गंगा का रुख बढ़ाव की ओर है। अगर फाफामऊ होते हुए वाराणसी और आसपास के जिलों में गंगा में बढ़ाव का रुख हुआ तो एक बार फिर पूर्वांचल में गंगा नदी का रुख चिंताजनक हो सकता है।
गंगा की सहायक नदी वरुणा में भी पलट प्रवाह अब थमने लगा है हालांकि तटवर्ती इलाकाें में लोग लगातार बारिश होने की वजह से चिंता में बाढ़ फिर से आने की आशंका से डूबे हुए हैं। शनिवार की सुबह गाजीपुर जिले में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पर था हालांकि दोपहर में घटाव का रुख होने की वजह से यह चेतावनी बिंदु से नीचे चला गया। वहीं बलिया जिले में जहां गंगा खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही थी वह अब घटकर लगभग 70 सेमी तक आ गई है। यहां भी घटाव का रुख होने से तटवर्ती लोगों ने राहत की सांस ली है।
दूसरी ओर घाघरा नदी में भी घटाव का रुख है जिससे कटान और बाढ़ का खतरा कम हुआ है। बलिया, मऊ और आजमगढ़ में हालांकि कई तटवर्ती इलाकों में अभी भी पानी भरा होने से खेतों में फसल खराब होने का खतरा बरकरार है। वहीं पशुओं के चारे के लिए लोग नावों का भी कई क्षेत्रों में अब भी सहारा ले रहे हैं। हालांकि लगातार हो रही बारिश से यहां भी लाेग आशंका में अब भी डूबे हुए हैं।
जिला |
खतरा |
चेतावनी |
वर्तमान |
रुख |
मीरजापुर | 77.72 | 76.73 | 73.83 | घटाव |
वाराणसी | 71.26 | 70.26 | 68.56 | घटाव |
गाजीपुर | 63.10 | 62.10 | 62.10 | घटाव |
बलिया | 57.61 | 56.61 | 58.34 | घटाव |