वाराणसी में 14 लाख रुपए की मछलियां चोरी, छह नकाबपोशों पर आरोप
वाराणसी के चकलोला गांव में अनुपम कुमार सिंह के तीन तालाबों से करीब 14 लाख रुपये की मछलियां चोरी हो ...और पढ़ें

वाराणसी में 14 लाख रुपये की मछलियां चोरी नकाबपोशों ने दिया अंजाम।
HighLights
वाराणसी में 14 लाख रुपये की मछलियां चोरी हुईं।
छह नकाबपोश चोरों ने तालाबों से मछलियां चुराईं।
सीसीटीवी और हाइड्रोजन बल्ब तोड़कर घटना को अंजाम दिया।
जागरण संवाददाता (सेवापुरी) वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के चकलोला गांव में रविवार की देर रात मछली चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। गांव निवासी अनुपम कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह ने कपसेठी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर तीन तालाबों से करीब 14 लाख रुपये की मछलियां चोरी किए जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, उनके घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित तीन तालाबों में उन्होंने मछलियां पाल रखी थीं। रविवार की देर रात करीब छह नकाबपोश चोर तालाबों पर पहुंचे। आरोप है कि चोरों ने वहां लगे हाइड्रोजन बल्ब और सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। इसके बाद मछली पकड़ने वाला जाल डालकर बड़ी संख्या में मछलियां पकड़ लीं और लेकर फरार हो गए।
अनुपम कुमार सिंह का दावा है कि चोरी हुई मछलियों की कीमत करीब 14 लाख रुपये है। उन्होंने प्रार्थना पत्र में गांव के ही अंकित यादव और नितिन यादव पर घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्यवाही में जुटी हुई है।