वाराणसी सहित पूर्वांचल में जुर्माने पर जुर्माना लेकिन हेलमेट नहीं लगाने का भी शानदार बहाना
वाराणसी और पूर्वांचल के नौ जिलों में भारी जुर्माने और जागरूकता अभियानों के बावजूद लोग हेलमेट नहीं पहन रहे हैं। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान 90 हजार से अधिक चालानों में से 70% हेलमेट न पहनने के थे, जो यातायात नियमों के उल्लंघन को दर्शाता है।

वाराणसी कमिश्नरेट में नौ महीने में 90 हजार लोगों का किया गया चालान, जोन के नौ जिलों में भी यही हाल।
HighLights
वाराणसी में 70% चालान हेलमेट न पहनने के कारण किए गए।
नौ माह में 90 हजार से अधिक चालान, यातायात नियमों का उल्लंघन जारी।
युवाओं में स्टंट ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग भी हादसों का कारण बन रही।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। चालान कट रहा है, जुर्माना भी भर रहे हैं, लेकिन लोग हेलमेट लगाने को तैयार नहीं हैं। वाराणसी समेत जोन के नौ जिलों में यही हाल है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान हुई कार्रवाई ने एक बार फिर इस लापरवाही को उजागर कर दिया है।
वाराणसी कमिश्नरेट में नौ महीने में 90 हजार से ज्यादा चालान हुए हैं। इसमें 70 फीसदी चालान हेलमेट नहीं पहनने वालों के हैं। इसके बाद गलत लेन में चलने, सीट बेल्ट नहीं लगाने समेत अन्य तरह के यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला है। जबकि पुलिस और परिवहन विभाग लोगों को पोस्टर बैनर के साथ ही रैलियां निकालकर जागरूक कर रहा है।
एडीजी जोन नवीन अरोरा के निर्देश पर नौ जिलों में यातायात पखवाड़े के तहत चलाए गए अभियान में यातायात नियमों के उल्लंघन की पोल खुली, जिसमें बाइक चलाने वाले 46 सौ से ज्यादा लोगों का चालान बिना हेलमेट में किया गया। यही नहीं युवाओं में स्टंट ड्राइविंग और रील बनाने का क्रेज भी हादसों को बढ़ा रहा है।
अभियान के दौरान ओवर स्पीडिंग के विरुद्ध सबसे ज्यादा 1,131 वाहनों का चालान किया गया है। एडीजी ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाली सवारी दोनों हेलमेट जरूर पहनें। इससे हादसा होने पर जान बच सकती है। वहीं बाइक चलाते समय मोबाइल का प्रयोग और स्टंट करने से भी बचें।