अभिनेता गोविंदा ने दूसरे दिन भी काशी में देवाधिदेव का किया जलाभिषेक
फिल्म अभिनेता गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रविवार को चौबेपुर स्थित कैथी में जलाभिषेक किया।
वाराणसी : फिल्म अभिनेता गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रविवार को चौबेपुर स्थित कैथी में मार्कन्डेय महादेव धाम में दर्शन पूजन किया। रविवार को होटल से फिल्म अभिनेता गोबिंदा पत्नी सुनीता आहूजा संग कार से लगभग तीन बजे अचानक कैथी धाम पहुंचे। उन्हें देखकर मौके पर काफी भीड़ लग गयी। लोग सेल्फी लेने लगे किसी तरह मार्कन्डेय धाम के पुजारी रिंकू बाबा, मुन्ना गिरी ने उनको दर्शन पूजन कराया। भीड़ देख वह कुछ ही देर में शहर की ओर निकल पड़े।
इससे पूर्व फिल्म अभिनेता गोविंदा शनिवार को गुपचुप बनारस पहुंचे। छावनी क्षेत्र के सितारा होटल में विश्राम किया। देव दरबारों में मत्था टेका और मंगल कामना के निमित्त पूजन-अनुष्ठान किया। फिल्म अभिनेता शाम को पत्नी सुनीता के साथ श्रीकाशी विश्वनाथ पहुंचे। दर्शन-पूजन और बाबा का जलाभिषेक किया। अर्चक पं. श्रीकात मिश्र ने पूजन अनुष्ठान कराया। मंदिर की ओर से अंग वस्त्र व प्रसाद भेंट किया। श्रीकाशी अन्नपूर्णा मंदिर में मां का विधि विधान से दर्शन कर निहाल हो सपत्नीक निहाल हुए। मंदिर के उपमहंत शकर पुरी ने आशीर्वाद दिया और चुनरी-प्रसाद भेंट किया। मंदिर से बाहर निकले तो छत्ताद्वार पर दुकान से माला व मूर्तियां खरीदीं। इस बीच फिल्म अभिनेता के आने की भनक पाकर जुटे प्रशंसकों का हुजूम उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ में जुटा रहा। गोविंदा आला रे आला.. के नारे भी लगाए, इस पर गोविंदा ने मुस्कुरा कर हर हर महादेव के उद्घोष से अभिवादन किया। मीडिया कर्मियों से सामना हुआ तो 'ओम् भूर्भुव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यम्..' कहते हुए हाथ जोड़ लिया। दर्शन यात्रा पर बनारस आए फिल्म अभिनेता ने इससे पहले होटल में स्थानीय नजदीकियों से मुलाकात की। रात में कुछ खास लोगों संग डिनर भी किया।