वाराणसी में छठ पर किसी के घर गूंजी किलकारी तो किसी की दूर हुई बीमारी
वाराणसी में लोक आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतें पूरी होने की कहानियां साझा कीं। किसी की ...और पढ़ें

-छठ पूजा पर जीवंत हुई मनौती पूरी होने की अनगिनत कहानियां।
HighLights
मयूरी की आठ साल बाद सूनी गोद छठ से भरी।
संतोष कुमार गंभीर बीमारी से ठीक होकर अर्घ्य देने पहुंचे।
अर्चना सिंह के बेटे को नौकरी मिलने पर व्रत रखा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर सिर्फ पूजन ही नहीं हुआ, बल्कि अटूट विश्वास और मन्नतों के पूरे होने की अनगिनत कहानियां भी जीवंत हो उठीं। छठ मइया की महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं ने बताया कि सच्चे मन से की गई आराधना कभी व्यर्थ नहीं जाती। किसी की बरसों से सूनी गोद भर गई, तो कोई गंभीर बीमारी के संकट से बाहर निकल आया।
असि घाट पर परिवार संग अर्घ्य देने पहुंचीं सिगरा की मयूरी की आंखें खुशी से नम थीं। उन्होंने बताया कि विवाह के आठ साल बाद भी उनकी गोद सूनी थी। डाक्टरों की दवाओं के साथ उन्होंने छठी मइया की शरण ली और संतान प्राप्ति की मन्नत मांगी। अब उन्हीं की कृपा से उनका आंगन किलकारियों से गूंज रहा है और वह पूरे विधि-विधान से व्रत रखकर आभार जता रही हैं।
इसी तरह दशाश्वमेध घाट पर दंडवत प्रणाम करते हुए पहुंचे संतोष कुमार ने अपनी आपबीती साझा की। बताया कि पिछले वर्ष एक गंभीर बीमारी के कारण उनके जीवन पर संकट आ गया था। परिजनों ने छठ मइया के दरबार में उनके स्वस्थ होने की गुहार लगाई थी।
आज पूरी तरह स्वस्थ होकर वह स्वयं घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य दे रहे हैं। वहीं, पहली बार छठ का कठिन निर्जला व्रत रख रहीं अर्चना सिंह ने कहा कि मनौती पूरी होने पर भी यह व्रत आजीवन श्रद्धा के साथ किया जाता है। बताया कि बेटे की नौकरी लगने की कामना पूरी होने के बाद अब यह पर्व उनके परिवार की सबसे बड़ी आस्था बन चुका है।