सब्जी अनुसंधान में वैश्विक मानकों और देश की जरूरतों पर जोर, राष्ट्रीय जरूरतों पर विशेष ध्यान
कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, शाहंशाहपुर का दौरा किया। उन्होंने वैज्ञानिकों को वैश्विक मानकों और देशज जरूरतों के अनुरूप शोध करने तथा एग्रीवोल्टाइक पहल को गति देने पर जोर दिया।

सब्जी अनुसंधान में वैश्विक मानकों और राष्ट्रीय जरूरतों पर जोर।
HighLights
अतिरिक्त सचिव ने भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, शाहंशाहपुर का दौरा किया।
वैज्ञानिकों को वैश्विक मानकों, देशज जरूरतों के अनुरूप शोध करने पर जोर।
एग्रीवोल्टाइक पहल को गति देने और नवाचार पर ध्यान केंद्रित करें।
जागरण संवाददाता, (राजातालाब) वाराणसी। कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने रविवार को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, शाहंशाहपुर का दौरा किया। उन्होंने लाल चंदन का पौधा लगाया और कृषि प्रक्षेत्र में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। यहां सब्जियों की विभिन्न किस्मों, तकनीकों और कृषि इनपुट का प्रदर्शन किया गया।
सचिव त्रिपाठी ने बीज विधायन संयंत्र, बीज उत्पादन क्षेत्र, आर्गेनिक फार्मिंग यूनिट, जैव संसाधन उत्पादन इकाई, हाई टेक नर्सरी, प्रोटेक्टेड क्षेत्र सब्जी उत्पादन यूनिट और बीएसएल-3 फैसिलिटी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पीड ब्रीडिंग, जीनोम एडिटिंग, जैव उर्वरक विकास, तुड़ाई उपरांत फसल संवर्धन, कीटनाशी अवशेष और टिश्यू कल्चर प्रयोगशालाओं का भी दौरा किया तथा वैज्ञानिकों से चर्चा की।
संस्थान के निदेशक डा. राजेश कुमार ने गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। त्रिपाठी ने कहा कि वैज्ञानिक वैश्विक मानकों और देशज जरूरतों के अनुरूप शोध करें, ताकि किसानों को लाभ मिले। उन्होंने एग्रीवोल्टाइक पहल को गति देने और नवाचार तथा गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। इस प्रणाली में एक ही भूमि पर खेती और सौर विद्युत उत्पादन होता है। बैठक का संचालन प्रधान वैज्ञानिक डा. नीरज सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डा. डीपी सिंह ने दिया। (वि.)