बकाया पर कट गई बिजली तो कर ली खुदकुशी, वाराणसी में अंत्योदय योजना में बना था मकान
वाराणसी भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित भरौटिया (बजरडीहा) में शुक्रवार की दोपहर में स्थानीय नागरिक अशोक कुमार भारती (48) ने फांसी लगाकर जान दे दी। पारिवारिक जन के अनुसार बिल बकाया पर बिजली कट जाने के बाद अशोक ने ऐसा कदम उठाया।
वाराणसी, जेएनएन। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित भरौटिया (बजरडीहा) में शुक्रवार की दोपहर में स्थानीय नागरिक अशोक कुमार भारती (48) ने फांसी लगाकर जान दे दी। पारिवारिक जन के अनुसार बिल बकाया पर बिजली कट जाने के बाद अशोक ने ऐसा कदम उठाया।
अशोक मोची का कार्य करते थे। उनकी भेलूपुर डाकखाने के पास दुकान थी। वह इसके अतिरिक्त झाड़-फूंक का भी कार्य करते थे। उनकी पत्नी गंगा की मृत्यु 18 वर्ष पूर्व हो चुकी थी। बेटा रामू कुमार दोपहर में कार्य करने चला गया। विवाहिता बेटी मौसमी देवी घर पर थी। बेटी ने दोपहर दो बजे जब पिता के कमरे को अंदर से बंद पाया तो उसने आवाज दी। इस पर अशोक ने भीतर से कहा कि वह दवा खा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने अंदर से बंद दरवाजे के नीचे से मोबाइल फोन दिया और आगे कहा- 'बहू को फोन कर बता देना, मैं मर गया।
अशोक की बहू दो महीने पूर्व अपने कनकपुर गांव ( राजातालाब) चली गयी थी। अशोक के बेटे ने बताया कि पिता का मकान अंत्योदय योजना के अंतर्गत बना था। तीन वर्ष पूर्व उन्होंने बिजली कनेक्शन लिया था। इधर कुछ महीने पूर्व ही स्मार्ट मीटर लगाया गया। इस बीच अशोक के नाम से 30 हजार छह सौ का बिजली बिल बकाया आ गया। किसी ने उन्हें बता दिया कि अंत्योदय कार्ड धारकों का बिजली बिल माफ हो जाता है। बिजली बिल माफी के लिए वह भेलूपुर स्थित विद्युत कार्यालय के चक्कर काटने लगे। 12 दिन पूर्व उनके घर का विद्युत विच्छेदन कर दिया गया जिससे वह परेशान हो गए थे। पुलिस के अनुसार उसने पूर्व में भी दो बार आत्महत्या करने की कोशिश की थी। आत्महत्या की सूचना पर थाना प्रभारी अजय श्रोत्रिय व चौकी प्रभारी वेद प्रकाश ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू की।