30 घंटे बाधित रही 70 गांवों की बिजली आपूर्ति, फाल्ट को दूर करने के लिए अधिकारियों को बहाना पड़ा पसीना
सेवापुरी विद्युत उपकेंद्र का सीटी बॉक्स जलने के कारण इलाके की आपूर्ति करीब 30 घंटे तक बाधित रही। इस बीच लोगों को बिजली-पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
वाराणसी, जेएनएन। विद्युत उपकेंद्र का सीटी बॉक्स जलने से इलाके की आपूर्ति करीब 30 घंटे तक बाधित रही। इस दौरान लोगों को बिजली-पानी के लिए तरस गए।
शनिवार सुबह सात बजे उपकेंद्र के चारों फीडर अचानक बंद हो गए। जांच में पता चला कि उपकेंद्र का रिले जल गया है। सूचना के बाद शाम पांच बजे जिला मुख्यालय से इंजीनियर मौके पर पहुंचे। मरम्मत के बाद लाइन चालू तो की गई लेकिन ज्यादा देर तक नहीं टिक पाई। 10 मिनट में ही सीटी बॉक्स और 33 हजार का केबल बॉक्स जल गया। इसके बाद अधिकारियों के माथे पर बल आना स्वाभाविक था। कारण कि इसी साल 36 घंटे आपूर्ति प्रभावित होने पर जेई से लेकर एमडी तक के अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। इसलिए भी क्योंकि हर गांव को करीब 16 से 18 घंटे तक हर हाल में बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं सूचना मिलते ही अधिशासी अभियंता राजेंद्र पटेल, एसडीओ डीके पांडेय व जेई राजकुमार उपकेंद्र की ओर दौड़ पड़े। देर रात तक इस फाल्ट को दूर करने के लिए कार्य चलता रहा लेकिन निराशा ही हाथ लगी। रविवार सुबह फिर से युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया गया जो दोपहर एक बजे तक चला। इस बार इंजीनियरों को सफलता मिल ही गई और आपूर्ति बहाल कर दी गई। इस बीच रामेश्वर, कालिकाधाम, कपसेठी व शकलपुर फीडरों के लगभग 70 गांवों की आपूर्ति बाधित रही।