विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्ट्रोक के मरीजों में जान बचाने में कारगर टीसीडी जांच, पांच से दस मिनट में मिलेगी दिमाग की नसों की स्थिति

By Shivam SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 28 Nov 2026 12:51 PM (IST)

ट्रांसक्रेनियल डाप्लर (टीसीडी) जांच ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों के इलाज में महत्वपूर्ण है, जो 5-10 मिनट में मस्तिष्क की धमनियों में रक्त प्रवाह और रुकावट का पता लगाती है। यह जांच बिना कंट्रास्ट या रेडिएशन के गंभीर मरीजों के लिए भी उपयोगी है, जिससे इलाज की दिशा तय होती है।

ब्रेन स्ट्रोक के इलाज में टीसीडी जांच की भूमिका, मस्तिष्क की धमनियों का त्वरित निदान।

ब्रेन स्ट्रोक के इलाज में टीसीडी जांच की भूमिका, मस्तिष्क की धमनियों का त्वरित निदान।

HighLights

  1. टीसीडी जांच ब्रेन स्ट्रोक मरीजों के लिए महत्वपूर्ण।

  2. 5-10 मिनट में मस्तिष्क धमनियों की स्थिति का पता।

  3. बिना रेडिएशन, कंट्रास्ट के बेडसाइड जांच संभव।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों के इलाज में ट्रांसक्रेनियल डाप्लर (टीसीडी) जांच महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस जांच से महज पांच से दस मिनट में मस्तिष्क की धमनियों में रक्त प्रवाह, नसों में सिकुड़न और रुकावट की स्थिति का पता लगाया जा सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए न तो कंट्रास्ट देने की जरूरत होती है और न ही रेडिएशन का खतरा रहता है। गंभीर मरीजों की बेडसाइड जांच कर इलाज की दिशा तय करने में भी यह उपयोगी है।

होटल ताज नदेसर में शनिवार को एसोसिएशन आफ न्यूरोसोनोलाजी की ओर से आयोजित दो दिवसीय एसीएसएन-2026 काशी सम्मेलन में बेंगलुरु से आए डा. अमित कुलकर्णी ने 'द डाप्लर पर्सपेक्टिव आन आईसीएडी, स्टेनोसिस, फ्लो एंड कोलैटरल्स' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि सीटी एंजियोग्राफी, एमआर एंजियोग्राफी और डीएसए जैसी जांचों के बावजूद टीसीडी की अपनी अलग उपयोगिता है। यह मस्तिष्क की धमनियों में रक्त प्रवाह की वास्तविक समय में निगरानी कर सकती है।

उन्होंने 21 वर्षीय मरीज का उदाहरण देते हुए बताया कि उसे शरीर के दाहिने हिस्से में लकवा और बोलने में परेशानी थी। एमआर एंजियोग्राफी में मस्तिष्क की बाईं मध्य धमनी दिखाई नहीं दे रही थी। टीसीडी जांच में रक्त प्रवाह की गति लगभग 250/120 दर्ज की गई।

इससे मोयामोया बीमारी की पहचान करने में मदद मिली। बाद में मरीज की बाईपास सर्जरी की गई और उसकी स्थिति में सुधार हुआ। इसी तरह 80 वर्षीय मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीज को दवाएं लेने के बावजूद बार-बार स्ट्रोक के लक्षण सामने आ रहे थे।

टीसीडी से धमनी में गंभीर सिकुड़न और माइक्रो एंबोलिक सिग्नल का पता चला। इसके आधार पर मरीज की इंट्राक्रेनियल स्टेंटिंग की गई। उन्होंने बताया कि बेहतर दवा प्रबंधन के बावजूद बार-बार स्ट्रोक या टीआईए होने पर विशेषज्ञ स्टेंटिंग अथवा बाईपास जैसी प्रक्रिया पर विचार कर सकते हैं।

इंट्राक्रेनियल एथेरोस्क्लेरोटिक डिजीज (आईसीएडी) विकसित देशों में स्ट्रोक के पांच से दस प्रतिशत मामलों में, जबकि एशियाई देशों में लगभग 20 से 46 प्रतिशत मामलों में जिम्मेदार होती है। गंभीर सिकुड़न में एक वर्ष के भीतर दोबारा स्ट्रोक का खतरा लगभग 20 प्रतिशत तक रहता है। टीसीडी से नसों में रक्त प्रवाह की गति, दबाव और सहायक रक्त वाहिकाओं की सक्रियता का पता लगाया जा सकता है।

स्ट्रोक के मरीजों में थक्का घुलाने वाली दवा देने के बाद भी इसके माध्यम से रक्त प्रवाह की निगरानी संभव है। बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के सहयोग से आयोजित सम्मेलन की थीम न्यूरोसोनोलाजी और मरीजों की देखभाल में परंपरा से नवाचार तक रही। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञों ने आधुनिक जांच तकनीकों और स्ट्रोक के बेहतर उपचार पर विचार साझा किए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।