देव दीपावली पर शीतला घाट पर गूंजेगी शिव महिमा, 151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक
काशी में देव दीपावली पर गंगोत्री सेवा समिति भव्य गंगा आरती का आयोजन करेगी, जिसमें 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक होगा और पर्यावरण अनुकूल दीपदान किया जाएगा। दशाश्वमेध और केदार घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार, सांस्कृतिक संध्या और नारी शक्ति का संदेश देते हुए बेटियां आरती का नेतृत्व करेंगी।

काशी में देव दीपावली भव्य गंगा आरती 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक।
HighLights
151 लीटर दूध से मां गंगा का भव्य अभिषेक होगा।
21 बटुक और 21 डमरुदल महाआरती में शामिल होंगे।
नारी शक्ति का संदेश देती बेटियां आरती का नेतृत्व करेंगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आराधना, भगवान शिव की महिमा और वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय होगा। गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित भव्य महाआरती में 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा।
साथ ही गंगा की अविरलता और निर्मलता का संदेश देते हुए पर्यावरण अनुकूल दीपदान किया जाएगा। समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' एवं सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने प्रेसवार्ता में बताया कि समिति अपनी 36 वर्षों की आध्यात्मिक परंपरा को इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ आगे बढ़ाएगी।
गंगा पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार, स्तुति और 151 लीटर दूध से अभिषेक के साथ मां गंगा की भव्य आरती की जाएगी। गंगा तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस दिव्य आयोजन के लिए पूरे घाट को करीब 500 किलो देशी-विदेशी फूलों से सजाया जाएगा।
महाआरती की भव्यता में 21 बटुकों का वैदिक मंत्रोच्चार और 21 डमरुदलों की गूंज विशेष आकर्षण होगी। ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में बेटियां महाआरती का नेतृत्व करेंगी। इसके माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और सनातन परंपरा में महिलाओं की सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। आयोजन की अध्यक्षता सुमेरु पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे।
महाआरती के उपरांत गीतकार कन्हैया दुबे 'केडी' के संयोजन में भव्य सांस्कृतिक संध्या सजेगी। इसमें भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां गंगा की महिमा तथा काशी की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत का गुणगान किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला करेंगे।
केदार घाट पर भी सजेगा भक्ति और संस्कृति का दरबार
देव दीपावली पर पौराणिक केदार घाट भी मां गंगा की भक्ति और आराधना से आलोकित होगा। यहां गंगोत्री सेवा समिति की ओर से पं. संदीप कुमार दुबे (सोनू महाराज) के संयोजन में भव्य गंगा आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सोनू महाराज ने बताया कि समिति के द्वारा केदार घाट पर नियमित गंगा आरती होती है। इस वर्ष देव दीपावली पर विशेष आयोजन किया जाएगा।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन-अर्चन, दीप प्रज्वलन और महाआरती होगी। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गंगा महिमा और सनातन संस्कृति की छटा बिखरेगी। गंगा तट पर दीपों की जगमगाहट और आरती के स्वरों के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।