फास्ट फूड खाने से दांतों को नहीं मिलता पोषक तत्व, बचाव के लिए प्रोटीन और कैल्शियम युक्त करें भोजन
वाराणसी में आयुर्वेदिक विशेषज्ञ ने खराब खानपान से होने वाली दांतों और मुख संबंधी समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रोटीन-कैल्शियम युक्त आहार और उचित मुख स्वच्छता पर जोर देते हुए पाठकों के विभिन्न स्वास्थ्य प्रश्नों के उत्तर दिए।

वाराणसी: आयुर्वेदिक विशेषज्ञ ने दिए दांतों, आंख, कान, गले की समस्याओं के समाधान।
HighLights
खराब खानपान से दांतों व मुख संबंधी बीमारियां होती हैं।
प्रोटीन-कैल्शियम युक्त आहार और मुख स्वच्छता आवश्यक है।
आयुर्वेदिक विशेषज्ञ ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर सलाह दी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आज कल भागदौड़ की जिंदगी में गलत खानपान की वजह से विभिन्न तरह की बीमारियां हो रही है। इनमें मुख रूप से दांत में कीड़े लगना, मसूड़ों में सड़न, मुख से बदबू आना, मुख कम खुलना आदि समस्याएं देखने को मिल रही है। ऐसे में खाना खाने के बाद मुख को अच्छी तरह साफ करें, जिससे कोई भी खाने का कण दांतों के बीच न फंसा रहे।
सुबह सोकर उठने के बाद और रात में खाना खाने के बाद दांतों में ब्रश अवश्य करना चाहिए। साथ ही धूम्रपान, गुटखा-पान का सेवन न करें। साथ ही फास्ट फूड से बचने की जरूरत है, क्योंकि इसमें पोषक तत्व नहीं होते है। यही कारण है कि दांतों को नुकसान पहुंचता है। इसकी जगह मौसमी हरी सब्जी, और फलों का सेवन अधिक करें। साथ ही प्रोटीन के लिए दाल, दूध, अंडा, चुकंदर आदि का सेवन करें।
दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘हेलो जागरण’ में बुधवार को आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय चौकाघाट के प्राचार्य प्रो. दिनेश कुमार मौर्य ने पाठकों से बात की। उन्होंने आंख, नाक, कान, गला, मुख, दांत से संबंधित जानकारी दी। साथ ही बचाव व उपचार के बारे में भी बताया।
दाएं आंख से नजदीक का कम दिखता है क्या करें? राम आसरे मौर्या (जाल्हूपुर)
चश्मा का नंबर बदल गया होगा। इसलिए धुंधला दिख रहा है। आयुर्वेदिक उपचार के साथ ही आंख के लिए योगा सिखाया जाएगा। इससे काफी हद तक समस्या दूर हो जाएगी।
खाना खाते समय खराश की समस्या हो रही है क्या करें? ओमकारनाथ पाठक (सेवापुरी)
खाने को अच्छी तरह से चबाकर और छोटा निवाला खाएं। इससे अगर ठीक न हो तो विशेषज्ञ चिकित्सक से मिलकर तुरंत इलाज कराएं।
कान में सनसनाहट की आवाज आती है क्या करें? सुमन गुप्ता (महमूरगंज)
भ्रामरी योग सीख लीजिए और कान में डालने के लिए पंचगुण तेल ले लीजिए। इससे आराम मिल जाएगा।
मेरी उम्र 57 वर्ष है। गले में बलगम आता है और नाक जाम के साथ कान में वैक्स है क्या करें? शशि कपूर (कैंट)
त्रिफला पाउडर में एक चुटकी नमक लेकर पानी में गर्म कर लीजिए। इसे सुबह और शाम गरारा करने पर काफी हद तक ठीक हो जाता है। वहीं आयुर्वेदिक तेल से वैक्स निकल जाता है। नाक सूखने पर अणु तेल दो बार डालें।
मेरी उम्र 84 साल है। नाक से ब्लीडिंग और पपड़ी जम रही है क्या करें? राधेश्याम सिंह (रोहनिया)
नाक के लिए अणु तेल या नारियल तेल ले लीजिए। सुबह नहाने के बाद और सोने से पहले उंगली पर लगाकर नाक के अंदर लगाएं। अगर समस्या बनी रहती है तो आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एक बार आकर दिखा लीजिए।
मेरी उम्र 48 वर्ष है। गले में दर्द और खाना फंसता है क्या करें? रमाशंकर पाल (फुलवरियां)
आप की समस्या थोड़ी गंभीर है। त्रिफला पाउडर और एक चम्मच नमक लेकर पानी गर्म कर लीजिए और गुनगुना होने पर गरारा करें। अगर आराम न मिले तो विशेषज्ञ डाक्टर से मिलकर इलाज कराने की जरूरत है।
मेरी उम्र 34 वर्ष है। एक वर्ष से मुख में छाले पड़ रहे है क्या करें? राज कुमार मौर्या (राजातालाब)
एक चम्मच जात्यादि तेल लेकर मुख के अंदर 20 मिनट रखना है और बाद में थूकने की बजाए निगल जाना है। मुख और पेट के अंदर बेहतर काम करता है। साथ ही आरोग्यवर्धनी वटी लेना है। अगर इसके बाद भी समस्या बनी रहती है तो अस्पताल में आकर इलाज करा सकते हैं। रात में सोते समय अल्ट्रासाफ्ट ब्रश से दांतों को जरूर साफ करें।
मेरी उम्र 48 वर्ष है। कान में आवाज आती है और गले में खराश हो जाता है क्या करें? नंदलाल प्रजापति (लक्सा)
कान में वैक्स हो सकता है। इसके लिए कान में डालने के लिए आयुर्वेदिक दवा पंचगुण तेल लेकर दोनों कानों में डालें और ईयर बड से साफ करें। साथ ही गले में खराश के लिए आइसक्रीम आदि ठंडी चीजें न खाए। चाय पत्ती और नमक का काढ़ा बनाकर गरारा करें। इससे काफी हद आराम मिल जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।