काशी में गंगा तट पर सजीव होगा द्वापर युग, नागनथैया की लीला करेंगे कृष्ण कन्हैया
काशी में कार्तिक शुक्ल चतुर्थी पर विश्वप्रसिद्ध 'नागनथैया' लीला का मंचन होगा, जहाँ गंगा तट पर द्वापर युग सजीव हो ...और पढ़ें

काशी में गंगा तट पर सजीव होगा द्वापर युग, नागनथैया की लीला करेंगे कृष्ण कन्हैया।
HighLights
काशी में नागनथैया लीला से गंगा तट पर द्वापर युग सजीव।
गोस्वामी तुलसीदास ने 16वीं शताब्दी में की थी लीला की शुरुआत।
25 फीट लंबा कालिया नाग, नौ फन, लाखों श्रद्धालु देखेंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। परंपराओं की कालजयी नगरी काशी में एक दिन मोक्षदायिनी मां गंगा स्वयं द्वापर युग की कालिंदी (यमुना) का स्वरूप धारण करती है और गंगा तट पर कृष्णकाल साक्षात होगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर शुक्रवार को लाखों श्रद्धालु द्वापर युग को सजीव होता अपलक निहारेंगे। काशी के 'लक्खा मेला' में शुमार विश्वप्रसिद्ध 'नागनथैया' (कालिया नाग नाथन) लीला का मंचन होगा।
इस ऐतिहासिक कृष्णलीला की नींव 16वीं शताब्दी में गोस्वामी तुलसीदास ने रखी थी। संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो विश्वंभर नाथ मिश्र के अनुसार गोस्वामी जी ने रामलीला के साथ ही इस अद्वितीय कृष्णलीला का सूत्रपात किया था। 'अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास' के तत्वावधान में 500 वर्षों बाद भी पारंपरिक दोहों-चौपाइयों के सस्वर पाठ के साथ अनवरत जारी है। परंपरा निभाते हुए काशिराज परिवार के कुंवर अनंत नारायण सिंह शाही बजड़े पर सपरिवार आकर प्रभु के दर्शन कर विशेष नजराना अर्पित करते हैं।
नौ फन वाले कालिया नाग की 25 फीट लंबी पूंछ
तुलसी घाट पर नागनथैया लीला के लिए काष्ठ के कालिया नाग का रंग- रोगन चल रहा है। तैयारियों में जुटे कारीगरों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कालिया नाग की पूंछ लगभग 25 फीट लंबी बनाई गई है, जिसके नौ फनों में से प्रत्येक फन साढ़े तीन फीट ऊंचे और उतने ही चौड़े हैं। लीला के दिन इस विशाल नाग को बांस के सहारे पानी में स्थापित किया जाएगा।