नवरात्र में ट्रेनों में मिलेगा बिना लहसुन-प्याज का सात्विक भोजन, सात्विक थाली का यह रहेगा मीनू
रेलवे ने शारदीय नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले यात्रियों के लिए विशेष सात्विक भोजन की व्यवस्था की है। 11 ...और पढ़ें

नवरात्र में ट्रेनों में मिलेगा बिना लहसुन-प्याज का सात्विक भोजन, व्रतधारियों के लिए विशेष फलाहारी थाली।
HighLights
नवरात्र में ट्रेनों में मिलेगा बिना लहसुन-प्याज का सात्विक भोजन।
व्रतधारियों के लिए फल, दूध, जूस और विशेष फलाहारी थाली।
11 से 20 अक्टूबर तक रेलवे की यह विशेष खानपान व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। शारदीय नवरात्र में व्रत रखकर ट्रेन से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को खानपान के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। रेलवे की ओर से 11 से 20 अक्टूबर तक ट्रेनों के पेंट्रीकार व जंक्शन के खानपान केंद्रों पर बिना लहसुन-प्याज का सात्विक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
व्रतधारियों को फल, दूध, जूस के साथ सेंधा नमक से तैयार व्यंजन और विशेष फलाहारी थाली मिल सकेगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भी श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुरूप भोजन कर सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने खानपान संचालकों को नवरात्र के दौरान मेनू में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए हैं।
भोजन तैयार करने में सात्विकता व निर्धारित मानकों का ध्यान रखने पर जोर दिया गया है। यात्रियों को केला, सेब सहित अन्य फल, साबूदाने की खिचड़ी, साबूदाने की खीर, आलू-जीरा और कुट्टू की पकौड़ी जैसे व्यंजन उपलब्ध कराने की तैयारी है।
चार तरह की फलाहारी थाली
व्रतधारियों के लिए अलग-अलग विकल्प रखे गए हैं। पहली थाली में फल, पकौड़ी और दही, दूसरी में पराठा, साबूदाने की खिचड़ी और तीन प्रकार की सब्जियां मिलेंगी। तीसरी थाली में आलू की सब्जी, दो पराठे और साबूदाने की खीर, जबकि चौथी में आलू व पनीर के पराठे का विकल्प रहेगा। इसके अलावा सिंघाड़े के आटे और व्रत के मसालों से बने व्यंजन भी उपलब्ध होंगे।
जनाहार केंद्र तक पहुंचना होगा आसान
स्टेशन पर फलाहार और भोजन की सुविधा तलाशने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए सूचना पट्टिकाएं और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। प्लेटफार्मों के साथ सर्कुलेटिंग एरिया में भी यात्रियों को खानपान केंद्रों की जानकारी देने की व्यवस्था की जाएगी।
नवरात्र के दौरान यात्रियों को उनकी आस्था के अनुरूप भोजन सहजता से उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए ट्रेनों और स्टेशन पर खानपान की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है, ताकि व्रतधारियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उदय सिंह मीना, मंडल रेल प्रबंधक, डीडीयू रेल मंडल
