चंदौली जिले में नहर में मैजिक पलटने से चालक की मौत, हादसे की जानकारी होने के बाद गांव में मचा हड़कंप
फिरोजपुर गांव के पास निकोइया नहर में रविवार देर रात मैजिक वाहन पलटने से सिकंदरपुर गांव निवासी चालक अरविंद पाल (25) की मौत हो गई।
By Abhishek SharmaEdited By: Published: Mon, 20 Jan 2020 11:53 AM (IST)Updated: Mon, 20 Jan 2020 11:53 AM (IST)
चंदौली, जेएनएन। फिरोजपुर गांव के पास निकोइया नहर में रविवार देर रात मैजिक वाहन पलटने से सिकंदरपुर गांव निवासी चालक अरविंद पाल (25) की मौत हो गई। सोमवार की सुबह नहर में मैजिक पलटी देखकर लोग सकते में आ गए। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने नहर में पलटे वाहन को बाहर निकाले जाने पर चालक का शव मिलने से माहौल गमगीन हो गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
सिकंदरपुर गांव निवासी रामवृक्ष पाल के तीन पुत्रों में मझला बेटा अरविंद पाल वाहन चलाकर परिवार के जीवकोपार्जन में लगा हुअा था। पिछले कुछ माह से वह लगेज वाहन (मैजिक) चला रहा था। रविवार की सुबह भाड़ा लेकर अहरौरा (मीरजापुर) गया हुआ था कि रात्रि में हेतिमपुर- फिरोजपुर मार्ग होते हुए भीषमपुर से अपने गांव की ओर मैजिक लेकर आते समय संभवत: हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि फिरोजपुर गांव के पास सिचाई के लिए सड़क पर लगे पत्थर व लोहे की पाइप से मैजिक टकराकर नहर में पलट गई होगी। इससे चालक की नीचे दब जाने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अरविंद की 11 माह पूर्व ही शादी हुई थी। घटना की जानकारी होते ही मां मालती देवी, पत्नी सरिता समेत भाइयों का रो - रो कर बुरा हाल हो गया। बड़ी संख्या में रिश्तेदार, नातेदार, शुभचिंतक सुबह मृतक के दरवाजे पर पहुंच गए। बस्ती में शोक का माहौल होने से कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें